2 दिन, 2 गिरोह और 14 हैवान….तुपुदाना में दरिंदगी की सारी हदें पार….स्मार्ट सिटी से जंगल और बंद घर के कमरे तक हैवानियत का सच:पढ़िए इस खौफनाक वारदात की पूरी ‘इनसाइड स्टोरी’

राँची।राजधानी राँची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के एंसीलिरि एरिया के भगवान होटल के पीछे गत 9 जुलाई को दो नाबालिग लड़कियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस जांच के दौरान बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस की गहन तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि दोनों नाबालिग पीड़ितों के साथ सिर्फ 6 नहीं, बल्कि कुल 14 दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। इस रूह कँपा देने वाली वारदात को दो अलग-अलग आपराधिक गिरोहों ने दो दिनों में अंजाम दिया।
पहला दिन: ‘स्मार्ट सिटी’ से अपहरण, रातू के बिजुलिया जंगल में 8 हैवानों का तांडव
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 9 जुलाई को दोनों नाबालिग लड़कियां धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी में घूम रही थीं। इसी बीच घुमाने के बहाने कुछ शातिर युवकों ने उनका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी उन्हें रातू क्षेत्र के बिजुलिया इलाके में स्थित घने जंगल में ले गए, जहाँ आठ लड़कों ने दोनों मासूमों से बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। दरिंदगी की हद पार करने के बाद आरोपियों ने दोनों लड़कियों को खाना खिलाया और फिर चुपचाप स्मार्ट सिटी इलाके में छोड़कर फरार हो गए।
दूसरा दिन: घर छोड़ने के बहाने जाल, होटल के पीछे कमरे में फिर हैवानियत
घटना के अगले ही दिन, यानी 10 जुलाई को बेबस लड़कियां स्मार्ट सिटी से अपने घर की तरफ जा रही थीं। तभी आरोपियों के एक दूसरे समूह ने उन्हें घर छोड़ने के बहाने अपने झांसे में ले लिया। जब पीड़ित लड़कियों ने बहुत भूख लगने की बात कही, तो आरोपी उन्हें खाना खिलाने के बहाने तुपुदाना क्षेत्र स्थित एंसीलिरि एरिया में भगवान होटल के पीछे एक कमरे में ले गए।कमरे में खाना खिलाने के बाद छह लड़कों ने दोनों नाबालिगों के साथ फिर से सामूहिक दुष्कर्म किया। दोबारा हुई इस हैवानियत को मासूम बर्दाश्त नहीं कर सकीं और एक लड़की की स्थिति बिगड़ने से वह वहीं बेहोश हो गई। वहीं दूसरी लड़की ने अदम्य साहस दिखाया और किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रही। उसने सीधे पुलिस के पास पहुँचकर खाकी के सामने आपबीती सुनाई, जिसके बाद इस खौफनाक और भयावह मामले का पर्दाफाश हुआ।
एसएसपी का कड़ा एक्शन: डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मामला संज्ञान में आते ही एसएसपी राकेश रंजन ने इसे बेहद गंभीरता से लिया और हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में तुरंत विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले दूसरे गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें से 4 बालिगों को जेल और 2 नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया। तुपुदाना इलाके से गिरफ्तार आरोपियों में रोहित महतो,गुलाब महतो,शुभम महतो,देव प्रसाद नायक और दो अन्य आरोपी (नाबालिग) है।
पीड़िता के होश में आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप
जब दोनों पीड़िताओं की स्थिति सामान्य हुई और पुलिस ने उनके विस्तृत बयान दर्ज किए, तो पूरा पुलिस महकमा सन्न रह गया। पीड़ितों ने खुलासा किया कि उनके साथ 6 नहीं बल्कि 14 लड़कों ने अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म किया है। उन्होंने पुलिस को घटना की एक-एक भयावह जानकारी दी और यह सनसनीखेज खुलासा भी किया कि कुछ आरोपियों की मंशा दोनों की हत्या करने की भी थी।
गोपनीय छापेमारी:रातू इलाकेसे दबोचे गए पहले गैंग के 8 और हैवान
सच्चाई सामने आते ही डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने अत्यंत गोपनीय तरीके से दूसरे चरण की बड़ी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर पहले गैंग के 8 और आरोपियों को रातू के काठीटांड़ इलाके से धर दबोचा।इनमें गिरफ्तार बालिग आरोपियों की पहचान गणेश बैठा, कुणाल उरांव और ऋतिक उरांव के रूप में हुई है, जबकि 5 अन्य आरोपी नाबालिग हैं।
कुल 14 आरोपी सलाखों के पीछे: सख्त सजा दिलाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने अब तक दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के इस जघन्य मामले में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 7 बालिग और 7 नाबालिग शामिल हैं।रविवार को काठीटांड़ (रातू) से गिरफ्तार आठ आरोपियों में से तीन बालिगों गणेश बैठा, कुणाल उरांव और ऋतिक उरांव को आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल 5 अन्य नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह (प्रोबेशन होम) भेज दिया गया है।
राँची पुलिस इस मामले में सभी कानूनी कड़ियों, फॉरेंसिक साक्ष्यों और बयानों को मजबूती से अदालत के समक्ष पेश करने में जुटी है, ताकि इन सभी दरिंदों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।

