हजारीबाग में पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रहा था नशे का काला खेल; 697 KG अवैध डोडा बरामद

 

​हजारीबाग।नशे के सौदागरों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने जिले के बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ ‘डोडा’ (अफीम का डोडा) जब्त किया है। तस्करों ने इस खेप को छिपाने के लिए पोल्ट्री फार्म (मुर्गी फार्म) की आड़ ले रखी थी। पुलिस ने मौके से 47 बोरियों में भरा कुल 697 किलोग्राम डोडा बरामद किया है।

​एसपी को मिली गुप्त सूचना पर छापेमारी

​जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। सूचना थी कि रसोईयाधमना गांव में बंगाली साव उर्फ बबलू साव और सुनील राणा नामक दो व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध डोडा का भंडारण कर उसे तस्करी के लिए तैयार कर रहे हैं।

​सूचना मिलते ही बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और टीम ने बताए गए ठिकाने पर धावा बोल दिया।

​गांव के मुखिया के सामने तोड़ा गया ताला, अंदर का नजारा देख उड़े होश

​जब पुलिस टीम बंगाली साव के मुर्गी फार्म के पास बने एस्बेस्टस (कार्कट) के कमरे पर पहुंची, तो वहां ताला लटका हुआ मिला। मकान मालिक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई सामने नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने पूरी पारदर्शिता बरतते हुए स्थानीय मुखिया, गणमान्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में वीडियो ग्राफी करवाते हुए कमरे का ताला तोड़ा। ​जैसे ही पुलिस टीम कमरे के अंदर दाखिल हुई, वहां का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। कमरे में प्लास्टिक की बड़ी-बड़ी बोरियों का अंबार लगा हुआ था।

​तौल मशीन मंगवाई तो निकला करीब 7 क्विंटल नशा का समान

जब एसडीपीओ की मौजूदगी में उन बोरियों को खोलकर जांच की गई, तो उसमें प्रतिबंधित मादक पदार्थ डोडा भरा हुआ था। पुलिस ने तुरंत इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन मंगवाई और सभी 47 बोरियों का वजन कराया, जिसका कुल वजन 697 किलोग्राम निकला।

​तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस

​पुलिस ने दो स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्ती सूची तैयार कर डोडा को जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए थाने ले आई है।

इस मामले में दो मुख्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।बंगाली साव उर्फ बबलू साव (पिता- गांगो साव, रसोईयाधमना) और ​सुनील राणा (पिता- कैलाश राणा, रसोईयाधमना) फरार हैं।​पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इलाके में इस बड़ी कार्रवाई के बाद से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

error: Content is protected !!