जामताड़ा पुलिस की कार्रवाई पर भाजपा का हमला, प्रतुल शाहदेव बोले- राजनीतिक दबाव में हो रही कार्रवाई

 

राँची/जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के आवास पर पुलिस की छापेमारी को लेकर प्रदेश भाजपा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जिस तरीके से कार्रवाई की, उससे ऐसा प्रतीत हुआ मानो किसी बड़े अपराधी या आतंकवादी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा हो।

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे डीएसपी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल सुमित शरण के घर पहुंचा। उनके अनुसार, इस दौरान परिवार के सदस्यों और घर की महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की कार्रवाई कई सवाल खड़े करती है।

उन्होंने दावा किया कि जामताड़ा सदर अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के बाद भाजपा ने पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए एक जांच समिति गठित की थी। इसी घटनाक्रम के बाद अस्पताल में हुई कथित तोड़फोड़ के मामले में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। शाहदेव ने कहा कि यदि वास्तव में भाजपा कार्यकर्ता इस घटना में शामिल हैं, तो प्रशासन अस्पताल परिसर की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करे ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और राज्य सरकार के इशारे पर बदले की भावना से की जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्दोष भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश हो रही है, जिसका पार्टी कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली एजेंसियों को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए, लेकिन जामताड़ा पुलिस सरकार के राजनीतिक एजेंडे के तहत काम करती नजर आ रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा किए गए फोन का जवाब राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने नहीं दिया, जो प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

शाहदेव ने कहा कि पुलिस का दायित्व जनता की सुरक्षा और कानून का निष्पक्ष पालन कराना है, न कि राजनीतिक दबाव में किसी दल विशेष के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करना। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इस पूरे मामले को न्यायालय तक ले जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया अपनाएगी।

error: Content is protected !!