आर्मी कैंप का मेजर बन सैलून में फोन कर कहा- जवानों के बाल दाढ़ी बनाने है फिर पेमेंट करने के नाम पर 1.04 लाख रुपए ठगे,आर्मी के नाम पर ही टेंट संचालक से हुई 30 हजार की ठगी

राँची।साइबर ठगी की घटनाएं राजधानी राँची में लगातार बढ़ती जा रही है और अपराधी लोगो को ठगने के रोज नए नए तरीके ढूंढ उन्हें अपना शिकार बना रहे है। पुलिस से साइबर अपराधी कई कदम आगे चल रहे है। अपराध होने के बाद पुलिस सिर्फ एफआईआर दर्ज कर रही है और साइबर अपराधी लगातार ठगी करते जा रहे है। बरियातू थाना में साइबर ठगी के ऐसे ही दो नए मामले दर्ज हुए है। जिसमें ठगने के तरीका साइबर अपराधियों द्वारा एकदम नया अपनाया गया। पहली घटना में आर्मी कैंप का मेजर बन एक साइबर अपराधी ने सैलून में अपने जवानों के बाल दाढ़ी बनाने के नाम पर फोन किया और पेमेंट करने के नाम पर 1.04 लाख रुपए ठग लिए। वहीं दूसरी ठगी में भी आर्मी के नाम पर ही हुई। एक टेंट संचालक से प्रोग्राम के दौरान टेंट लगाने की बात कह पेमेंट के नाम पर 30 हजार रुपए की ठगी कर ली। दोनों मामले बरियातू थाने में दर्ज कर लिए गए है। लेकिन पुलिस अबतक साइबर अपराधियों के बारे में कोई सुराग नहीं ढूंढ पाई है।

केस 1:
50 जवानों के बाल दाढ़ी बनाने है कितना लोगे, लालच दे ठगा

एदलहातू के रहने वाले विनोद कुमार शर्मा ने बरियातू थाने में ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार उन्हें एक अज्ञात नंबर 7407180883 से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह पंडरा आर्मी कैंप से मेजर बोल रहा है। उसने विनोद कुमार शर्मा को कहा कि उसे अपने कैंप के 50 जवानों का बाल दाढ़ी बनवाना है। इसके लिए कितना पैसा लगेगा। विनोद ने कहा कि इसके लिए 30 हजार रुपए देने होंगे। फोन करने वाले ने फिर वाट्सएप पर वीडियो कॉल किया। वीडियो कॉल में उसने विनोद को कहा कि उसे आधा पेमेंट आन लाइन करना है। फिर उसने विनोद को कहा कि अपना गूगल पे खोले। फिर फोन करने वाले ने अपने क्रेडिट कार्ड का नंबर उन्हें दिया और कहा कि अपने गूगल पे पर इस नंबर को डाले। जैसे ही विनोद ने अपने गूगल पे उसके क्रेडिट कार्ड का नंबर डाला उनके खाते से दो बार में 1.04 लाख रुपए कट गए। पैसे कटते ही वे समझ गए कि उनके साथ साइबर फ्राड हुआ है। फिर उन्होंने बरियातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।

केस 2:
पेंमेंट करने के नाम पर क्यू आर कोड भेज खाते से निकाल लिए पैसे

टेंट का कारोबार करने वाले सिंदवार टोली बरियातू निवासी शशि भूषण भगत ने ठगी की प्राथमिकी बरियातू थाने में दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार उनके छोटे भाई का टेंट व इवेंट व्यवसाय है। उनके छोटे भाई के पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम संजय सिंह बताया। उसने बताया कि वह आर्मी स्कूल दीपाटोली में कार्यरत है। 8 नवंबर की शाम उनके यहां प्रोग्राम है। शशि भूषण को उनके छोटे भाई ने संजय सिंह का नंबर दिया और कहा कि इनके यहां सामान भिजवा देना। शशि भूषण ने दिए गए नंबर पर फोन कर आर्डर लिया और सामान भिजवा दिया। आर्मी स्कूल के पास उनकी गाड़ी पहुंची तो संजय सिंह ने उन्हें फोन कर कहा कि वह आन लाइन पेमेंट करेगा। फिर उसने कहा कि सुरक्षा जांच के लिए वह एक क्यू आर कोड भेज रहा है, एक रुपए पेमेंट कर सुरक्षा प्रोसेस करवा ले। फिर उसने कहा कि आपके खाते से आर्मी के एकाउंट में ट्रांजेक्शन होना जरूरी है। यहीं कह उसने फिर क्यू आर कोड भेजा और उनके खाते से दो बार में 8560 और 22,222 रुपए निकाल लिए। पैसे निकलते ही वे समझ गए कि ठगी के शिकार हुए है। तुरंत अपने खाते में बचे पैसे को शशि भूषण ने अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर किया। इसके बाद थाने में जाकर प्राथमिकी दर्ज कराई।