गढ़वा:प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी गिऱफ्तार,भेजा जेल,पुलिस और ग्रामीणों की झड़प में मामले में नामजद आरोपी थीं..

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिला अंतर्गत मेराल थाना के पास ग्रामीणों एवं पुलिस के बीच गत 20 अगस्त को हुई मारपीट की घटना के नामजद आरोपी मेराल प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार के बाद जेल भेज दिया है।प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी को थाना प्रभारी नीतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने थाना क्षेत्र के लखेया गांव स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया है। न्यायालय द्वारा 27 अक्टूबर तक प्रखंड प्रमुख की गिरफ्तारी पर रोक लगायी थी, लेकिन समय पूरा होने के बाद शुक्रवार को दीपमाला को गिरफ्तार किया गया। मालूम हो कि मेराल थाना क्षेत्र के हासनदाग गांव निवासी नाथन चौधरी की संदेहास्पद मौत के बाद सैकड़ों लोगों ने मेराल थाना का घेराव किया था। इसी दौरान पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच झड़प हुई थी। इसमें पुलिस समेत कई ग्रामीण घायल हुए थे।बताया गया कि पुलिस ने कोर्ट के वारंट के बाद प्रखंड प्रमुख को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।प्रखंड प्रमुख पर मेराल थाने पर पथराव करने का मामला था।इस मामले में कई लोग जेल जा चुके हैं।

बता दें कि कुछ दिन पहले अज्ञात अपराधियों के द्वारा एक वृद्ध व्यक्ति की हत्या कर एक खेत में फेंक दिया गया था।इस मामले को लेकर कई लोगों ने अपराधी की गिरफ्तारी को लेकर उग्र होकर मेराल थाने पर पथराव किया था।इसमें प्रखंड प्रमुख भी शामिल थीं। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। तब मेराल थाना प्रभारी लालबिहारी प्रसाद को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया था। इसी मामले में कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद प्रखंड प्रमुख को गिरफ्तार किया गया।