उत्तरप्रदेश:भाजपा में शामिल हुई मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव

लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी ने अखिलेश यादव के घर में सेंधमारी कर मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है। दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपर्णा को पार्टी की सदस्यता दिलाई। बता दें, सियासी गलियारों में लंबे समय से चर्चा थी कि अपर्णा समाजवादी पार्टी से नाराज चल रही थीं। वजह लखनऊ कैंट सीट से टिकट न मिलना बताया जा रहा था।   

कौन हैं अपर्णा यादव बिष्ट

अपर्णा यादव बिष्ट सपा के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना यादव के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। अपर्णा का जन्म 1 जनवरी 1990 को हुआ था। उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट एक पत्रकार रहे हैं और मां अंबी बिष्ट लखनऊ नगर निगम में अधिकारी हैं। अपर्णा ने इंग्लैण्ड के मैनचेस्टर विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय संबंध में मास्टर डिग्री हासिल की है। मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू ने साल 2017 में लखनऊ कैंट सीट से सपा के टिकट पर भाजपा प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी के खिलाफ विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था, हालांकि वह चुनाव हार गई थीं।

कितनी संपत्ति की मालिक हैं अपर्णा यादव 

2017 में चुनाव आयोग को दिए विवरण के अनुसार, अपर्णा यादव के पास कुल 22,65,00,339 रूपये की संपत्ति है। चल संपत्ति के रूप में अपर्णा के पास 16,37,50,339.43 रूपये की मालकिन है। जिसमें 1,26,650 रूपये कैश, 5,44,94,224.43 रूपये बैंक अकाउंट में, 3,48,20,036 रूपये का बांड और कंपनियों के साथ शेयर के साथ 1,88,54,371 रूपये के आभूषण शामिल भी हैं।

कर्जदार भी हैं मुलायम की छोटी बहू

बात अगर अचल संपत्ति की करें तो चुनाव आयोग को 2017 में दिए हलफनामे के अनुसार, अपर्णा के पास कुल 6,27,50,000 रूपये की अचल संपत्ति है। जिसमें 30,50,000 रूपये की कृषि भूमि, 27,00,000 रूपये कीमत की गैर कृषि भूमि और 3,20,00,000 रूपये का घर शामिल हैं। 2017 के हलफनामें में अपर्णा यादव ने बताया था कि वे 7,95,61,542 रूपये की कर्जदार हैं।

साभार:.