पटाखा खरीदने के बाद GST युक्त बिल मांगने पर कर्नल और उनके बेटे से ट्रेड फ्रेंड्स पटाखा दुकान में मारपीट,गोंदा थाना में प्राथमिकी दर्ज…

राँची।राजधानी राँची के कांके रोड स्थित ट्रेड फ्रेंड्स पटाखा दुकान में एक ग्राहक ने जीएसटी युक्त बिल की मांग की तो दुकान के कर्मी ने देने से मना कर दिया। बिल को लेकर इतनी बात बढ़ गई कि दुकान के कर्मियों और ग्राहक में बहस बढ़ गई और मारपीट की नौबत आ गई। इस संबंध में इशान सिंह ने गोंदा थाना में ट्रेड फ्रेंड्स के संचालक विमल सिंघानिया और उनके 15 से 20 कर्मियों के विरुद्ध मारपीट का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।दर्ज प्राथमिकी में आरोप है कि 24 अक्टूबर की सुबह 10 ईशान सिंह अपने भारतीय सेना में कार्यरत कर्नल पिता एम के सिंह के साथ पटाखा लेने गए थे। पटाखा लेने के बाद उन्होंने कर्मी से जीएसटी युक्त बिल की मांग की। लेकिन कर्मी ने नहीं दिया। इसपर इशान सिंह व उनके पिता ने संचालक से बात कराने की बात कर्मियों से कही। इसपर वे लोग उनसे उलझ गए। आरोप यह भी है कि दुकान के संचालक विमल सिंघानियां अपने 15-20 कर्मियों के साथ आए। उनके कर्मियों ने रॉड से उन लोगो को मारना शुरू कर दिया।वहीं दुकान मालिक विमल सिंघानियां अपनी पत्नी के साथ मारपीट देख रहे थे। मारपीट की घटना में दोनों के सिर पर चोट आई। घटना के वक्त बड़ी संख्या में वहां ग्राहक भी थे। जिनके सामने मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास मारपीट और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।इस सम्बंध में गोंदा थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की छानबीन की जा रही है।दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर जब्त कर लिया है।आगे की कारवाई जारी है।

डिस्काउंट ज्यादा नहीं दिया तो कर्मी से उलझ पड़े पिता पुत्र, दोनो पर प्राथमिकी दर्ज।

इधर मारपीट मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दूसरे पक्ष की ओर से ट्रेड फ्रेंड्स के कर्मी राजनंद मुंडा ने ईशान सिंह और महेंद्र सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि ईशान सिंह और महेंद्र सिंह 24 अक्टूबर की सुबह 10:30 बजे उनकी दुकान पर पटाखा खरीदने आए। उन दोनों ने पटाखा लेने के बाद डिस्काउंट मांगा। जो डिस्काउंट आम लोगों को होता है वह डिस्काउंट कर दिया गया। इसके बाद पिता पुत्र दोनों और ज्यादा डिस्काउंट की मांग करने लगे। जब कर्मी राजनंद मुंडा ने कहा कि इससे ज्यादा डिस्काउंट नहीं हो सकता, तो दोनों उसके साथ गाली गलौज करने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। आरोप है कि राजनंद मुंडा के साथ दोनों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। यह भी आरोप है कि उसके हाथ से कलाई घड़ी दोनो ने छीन ली और धमकी दिया कि तुम्हें जान से मार देंगे। दुकान के मालिक जब बाहर निकले और देखें कि मामला तूल पकड़ रहा है तो उन्होंने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। लेकिन दोनों और उलझ गए और सबके साथ मारपीट की।