खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी खड़े ट्रक में घुसी, 9 की मौत; 8 घायल, एक ही परिवार के कई लोगों ने गंवाई जान

 

डेस्क/कोटा। राजस्थान के कोटा में शनिवार की आधी रात मौत ने ऐसा तांडव मचाया कि धार्मिक यात्रा से घर लौट रहे नौ श्रद्धालुओं की जिंदगी रास्ते में ही खत्म हो गई। खाटू श्याम जी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर गाड़ी नेशनल हाईवे-52 पर शंभूपुरा बाईपास के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि क्रूजर गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चियां भी शामिल हैं।

हादसा शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के धुले निवासी करीब 36 लोग तीन गाड़ियों के काफिले में राजस्थान की धार्मिक यात्रा पर निकले थे। छह दिनों तक अलग-अलग धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के बाद सभी अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शंभूपुरा बाईपास के पास काफिले में सबसे आगे चल रही क्रूजर गाड़ी सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई।

ट्रक की जांच के लिए रुका था चालक, पीछे से आ गई मौत

पुलिस उप अधीक्षक राजेश टेलर के मुताबिक, ट्रक चालक ने वाहन की जांच करने के लिए उसे सड़क पर रोक दिया था और खुद नीचे उतर गया था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर गाड़ी सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार कई लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने अपने वाहनों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, नौ लोगों को बचाया नहीं जा सका। इनमें कुछ ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ओंकारेश्वर से खाटू श्याम तक किए थे दर्शन

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के धुले से श्रद्धालुओं का यह समूह मंगलवार रात करीब 10 बजे तीन गाड़ियों में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर निकला था। यात्रा के दौरान सभी ने सबसे पहले मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर और उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद सांवरिया जी, पुष्कर, अजमेर, सालासर बालाजी और अंत में खाटू श्याम जी के दर्शन किए।

धार्मिक स्थलों की यात्रा पूरी करने के बाद सभी महाराष्ट्र लौट रहे थे। काफिले की दूसरी गाड़ियों में उनके परिजन भी सवार थे। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि घर वापसी का यह सफर परिवार के कई सदस्यों के लिए जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

मृतकों में महिलाएं और बच्चियां भी शामिल

पुलिस ने मृतकों की पहचान ऊषाबाई, सुशीला, कैलाश, सानवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल पंवार, जानवी और माधवी के रूप में की है। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें मनीषा, मयूरी, जगदीश, श्रीजीत, शरद, गणेश, क्रूजर चालक कैलाश और ट्रक चालक हारून शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

एसपी समेत आला अधिकारी पहुंचे अस्पताल

भीषण हादसे की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम समेत वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में भी प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। अस्पताल प्रबंधन ने इमरजेंसी में डॉक्टरों की टीम को तत्काल बुलाया और घायलों का उपचार शुरू कराया।

एडीएम राजेश जोशी और एडीएम सिटी विनोद कुमार मल्होत्रा भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं पुलिस प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

जिस परिवार ने छह दिनों तक मंदिरों में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की थी, उसी परिवार के नौ सदस्यों की एक सड़क हादसे में मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

error: Content is protected !!