धनबाद: अवैध कोयला कारोबार पर चोट पड़ते ही बौखलाए तस्कर, CISF की टीम पर बोला हमला, बोलेरो में की तोड़फोड़, जब्त बाइक लेकर भागे
धनबाद। झारखण्ड के धनबाद जिले के निरसा में अवैध कोयला कारोबारियों की बौखलाहट सामने आई है। अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची CISF और ECL की संयुक्त सुरक्षा टीम पर कोयला तस्करों ने हमला कर दिया। राजा कोलियरी में अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कराकर लौट रही टीम को बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के पास निशाना बनाया गया। जंगल में घात लगाकर बैठे 8 से 10 हमलावरों ने जवानों की बोलेरो पर हमला कर तोड़फोड़ की और जब्त मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
बताया जाता है कि गुरुवार की शाम CISF और ECL की संयुक्त टीम राजा कोलियरी में अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने पहुंची थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कराया। इस दौरान चोरी का कोयला ढोने में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। दोनों बाइक को ट्रैक्टर पर लादकर जवान निरसा थाना ले जा रहे थे।
इसी दौरान बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के समीप जंगल में पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 हमलावरों ने टीम को घेर लिया। हमलावरों ने जवानों की बोलेरो में जमकर तोड़फोड़ की और एक जब्त मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए। दूसरी बाइक भी ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन इसी बीच अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंच गए। इसके बाद हमलावर दूसरी मोटरसाइकिल जंगल में छोड़कर भाग निकले।अतिरिक्त जवानों के समय पर पहुंचने से बोलेरो चालक और वाहन में सवार दो जवान बाल-बाल बच गए। वाहन के चालक और मालिक लाल बहादुर प्रसाद ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है।
इधर, निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो ने बताया कि CISF की टीम दो जब्त मोटरसाइकिल लेकर लौट रही थी। इसी दौरान 8 से 10 युवकों ने टीम पर पत्थरबाजी की और एक मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। CISF की ओर से लिखित शिकायत दी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने निरसा में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अवैध खनन के 24 मुहाने बंद होने और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहन जब्त किए जाने के बाद जिस तरह सुरक्षा टीम पर हमला हुआ, उससे साफ है कि अवैध कारोबार पर कार्रवाई से जुड़े लोगों में आक्रोश है। अब देखना होगा कि पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।

