जमशेदपुर: स्कूल जा रहे बच्चों से भरे CNG ऑटो में अचानक भड़की आग, मची चीख-पुकार; बाल-बाल बची मासूमों की जान, राख हो गए स्कूल बैग
जमशेदपुर। स्कूल जाने की सुबह बच्चों के लिए उस वक्त खौफनाक बन गई, जब बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के समीप बच्चों से भरे एक CNG ऑटो में अचानक आग लग गई। ऑटो में कई बच्चे सवार थे और सभी स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान वाहन के इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया। ऑटो में आग लगते ही बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह ऑटो बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के पास पहुंचा, उसके अगले हिस्से से धुआं उठने लगा। चालक ने खतरे को भांपते हुए तत्काल ऑटो रोक दिया। इसके बाद आग तेजी से फैलने लगी। ऑटो में बैठे बच्चों के लिए यह बेहद डरावना पल था।
आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। चालक और स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में सवार सभी बच्चों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया। राहत की बात रही कि किसी बच्चे के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि बच्चों के स्कूल बैग ऑटो के भीतर ही रह गए और आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गए। कुछ ही देर में आग ने पूरे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया।
दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू, यातायात हुआ प्रभावित
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ऑटो में आग लगने के कारण गोलचक्कर के आसपास कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क से जले हुए वाहन को हटाने के बाद आवागमन सामान्य कराया गया।
CNG ऑटो में आग लगने की वजह पर सवाल
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट अथवा CNG सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा और उन्हें स्कूल पहुंचाने वाले निजी वाहनों की फिटनेस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि ऑटो में आग विकराल रूप लेने से पहले सभी बच्चों को बाहर निकाल लिया गया, वरना बुधवार की सुबह एक बड़े हादसे में बदल सकती थी।

