राँची के जेपी मार्केट में खूनी वारदात, फूड कार्नर में घुसकर कारीगर की चाकू मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
राँची। राजधानी राँची में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। धुर्वा थाना क्षेत्र के जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंदाज फूड कार्नर में घुसकर एक अपराधी ने वहां काम करने वाले कारीगर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अपराधी ने कारीगर अजय दास का गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस खूनी वारदात से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल अजय दास को इलाज के लिए पारस अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अजय की मौत की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि मृतक अजय दास मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का रहने वाला था और जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंदाज फूड कार्नर में कारीगर के रूप में काम करता था।
वारदात की सूचना मिलने के बाद धुर्वा थाना की पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस अपराधी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
राजधानी के व्यस्त बाजार में फूड कार्नर के अंदर घुसकर इस तरह गला रेतकर हत्या किए जाने से स्थानीय दुकानदारों और लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस की जांच के बाद ही वारदात के पीछे की असली वजह और हमलावर के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

