कोल्हान-सारंडा में ढहा ‘लाल किला’: 27 नक्सलियों -उग्रवादियों का सरेंडर, हथियारों का बड़ा जखीरा जब्त

–ऑपरेशन ‘नवजीवन’ का असर: टॉप कमांडर समेत 17 हथियार, 2987 कारतूस बरामद; 2026 में अब तक 56 ने डाले हथियार, 22 ढेर

 

राँची।झारखण्ड के सबसे खतरनाक नक्सल गढ़-कोल्हान और सारंडा अब ढहने की कगार पर हैं।दशकों से लाल आतंक का केंद्र रहे इन जंगलों में अब सुरक्षाबलों की घेराबंदी इतनी मजबूत हो चुकी है कि नक्सली या तो मारे जा रहे हैं,या फिर हथियार डालने को मजबूर हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को एक साथ 27 नक्सलियों ने पुलिस मुख्यालय रांची पहुंचकर सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने वालों में भाकपा (माओवादी) के केंद्रीय कमेटी सदस्य मिसिर बेसरा और असीम मंडल की टीम के 25 हार्डकोर नक्सली शामिल हैं।जिन्हें सारंडा के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी। इनमें 6 सब-जोनल कमांडर, 6 एरिया कमांडर और 13 दस्ता सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा जेजेएमपी के 2 बड़े कमांडरों ने भी हथियार डाले। कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने 17 हथियार और 2987 जिंदा कारतूस बरामद किए—जो नक्सलियों की बड़ी साजिशों की ओर इशारा करते हैं।

2026: नक्सलियों के लिए ‘ब्लैक ईयर’

इस साल नक्सलियों के खिलाफ अभियान निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है:

56 नक्सली सरेंडर
44 गिरफ्तार
22 मुठभेड़ में ढेर

इन प्रमुख घटनाओं को दिया अंजाम

पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर जानलेवा हमला और हथियार लूट

गोइलकेरा थाना के झीलरंवा में 05 जनवरी 2022 को गांव में तीन दिवसीय फुटबॉल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें मनोहरपुर के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। खेल के दौरान ही नक्सलियों ने अचानक पूर्व विधायक पर जानलेवा हमला बोल दिया। पूर्व विधायक किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे, लेकिन नक्सलियों ने उनके दो बॉडीगार्ड्स की गोली और चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी और उनके सरकारी राइफल लूटकर फरार हो गए। इस जघन्य कांड में सागेन अंगारिया, रघु उर्फ गुना कायम, सुलेमान उर्फ चमरा, दर्शन उर्फ बिंज हांसदा और बिरसा कोड़ा मुख्य रूप से शामिल थे।

तुंबाहाका मुठभेड़: दो जवान शहीद

टोंटो थाना क्षेत्र के तुंबाहाका में 14 अगस्त 2023 को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इलाके में घात लगाए नक्सलियों ने गश्त कर रहे सुरक्षा बलों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन इस भीषण मुठभेड़ में ‘झारखंड जगुआर’ के दो बहादुर पुलिसकर्मी वीरगति को प्राप्त (शहीद) हो गए । पुलिस फाइल के मुताबिक इस हमले का मास्टरमाइंड सागेन और देवान थे।

मैगजीन हाउस से 7000 डिटोनेटर और बारूद की बड़ी लूट

बड़ा जामदा ओपी क्षेत्र में मेरलगाढ़ा एवं बालजोड़ी, मार्च 2023। नक्सलियों ने एक बड़ी साजिश के तहत मेरलगाढ़ा और बालजोड़ी स्थित विस्फोटक मैगजीन को निशाना बनाया। वहां धावा बोलकर नक्सलियों ने भारी मात्रा में बारूद और लगभग 7,000 पीस डिटोनेटर लूट लिए, ताकि सुरक्षा बलों के खिलाफ आईईडी ब्लास्ट किए जा सकें। इस बड़ी लूट में सागेन अंगारिया, गुलशन, दर्शन, प्रभात मुंडा उर्फ मुखिया के साथ-साथ शीर्ष माओवादी नेता मिसिर बेसra, अजय महतो, सालुका कायम, ऑफटन और अनमोल शामिल थे।

लोवाबेडा में कोबरा उप-समादेष्टा पर हमला

गोईलकेरा थाना क्षेत्र में लोवाबेडा, जुलाई 2023। सुरक्षा बलों को भारी क्षति पहुंचाने और उनके अत्याधुनिक हथियार लूटने के इरादे से माओवादियों ने लोवाबेडा के जंगलों में जवानों को घेरकर फायरिंग की और आईईडी ब्लास्ट किया। इस हमले में कोबरा 209 बटालियन के उप-समादेष्टा (डिप्टी कमांडेंट) दीपक कुमार तिवारी गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।

राजाबासा आईईडी ब्लास्ट, जवान सुशांत कुंटिया शहीद

टोंटो थाना क्षेत्र में राजाबासा, जनवरी 2023। राजाबासा के घने जंगलों में जान-माल की क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से नक्सलियों ने आईईडी बम प्लांट किया था और जवानों को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में सीआरपीएफ-60 के दो जवान सुशांत कुंटिया और मुन्नालाल यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान घायल जवान सुशांत कुंटिया ने दम तोड़ दिया और वे शहीद हो गए। इस कांड को सागेन अंगारिया, मिसिर बेसरा, अनल, अजय और असीम सहित करीब 60-70 माओवादियों ने मिलकर अंजाम दिया था।

रेडदाह/हुसीपी मुठभेड़ जहां था 80 नक्सलियों का जमावड़ा

टोंटो के रेडदाह में 9 अगस्त 2023। नक्सलियों की ‘हेडक्वार्टर टीम’ जिसमें मिसिर बेसरा, अजय महतो, अनमोल, असीम मंडल और चंदन सहित करीब 80 खूंखार माओवादी शामिल थे, किसी बहुत बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए जंगल में जुटे थे। खुफिया इनपुट मिलने पर सुरक्षा बलों की टीम वहां पहुंची, जिसके बाद दोनों ओर से भीषण गोलीबारी हुई। इस मुठभेड़ में सहायक समादेष्टा (असिस्टेंट कमांडेंट) चंद्र प्रताप तिवारी गंभीर रूप से घायल हुए। हालांकि, जवानों के बढ़ते दबाव के कारण नक्सलियों को भागना पड़ा और मौके से भारी मात्रा में गोला-बारूद व राशन बरामद हुआ।

तिलाईबेड़ा में दहशत फैलाने के लिए किया ब्लास्ट

टोंटो थाना अंतर्गत तिलाइबेडा, अगस्त 2023। पुलिस के नक्सल विरोधी अभियानों को रोकने और स्थानीय ग्रामीणों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से तिलाइबेडा में आईईडी विस्फोट किया गया और पुलिस पर गोलियां चलाई गईं । इस घटना में सागेन अंगारिया, गुलशन, प्रभात मुंडा, सनत, देवेन और भाकपा माओवादी के कई शीर्ष नेता शामिल थे ।

बलिबा आईईडी विस्फोट, सहायक कमांडेंट सहित 3 घायल

छोटानागरा थाना अंतर्गत बलिबा, मार्च 2025। सुरक्षा बलों के सर्च ऑपरेशन को रोकने के लिए नक्सलियों ने बलिबा के रास्ते में एक शक्तिशाली आईईडी बम छिपाकर रखा था। गश्त के दौरान हुए इस विस्फोट में एक सहायक कमांडेंट (असिस्टेंट कमांडेंट) सहित तीन सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए । इस साजिश में सागेन अंगारिया, मुन्नी सुरिन, मिसिर बेसरा, अनल, असीम और पिंटू जैसे बड़े नाम शामिल थे

मरांगपोंगा विस्फोट: सब-इंस्पेक्टर सुनील मंडल शहीद

छोटानागरा थाना क्षेत्र में मरांगपोंगा (बलिबा इलाका), मार्च 2025। बलिबा के ही पास मरांगपोंगा में नक्सलियों ने एक और बारूदी सुरंग का विस्फोट किया। इस कायराना हमले में 193 बटालियन के सब-इंस्पेक्टर सुनील मंडल देश के लिए शहीद हो गए, जबकि एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस घटना में भी सागेन अंगारिया, बिरसा, मुन्नी सुरिन, मुकेश और मिसिर बेसरा की टोली शामिल थी।

रातामाटी ब्लास्ट: झारखंड जगुआर के आरक्षी सुनील धान शहीद

छोटानागरा थाना क्षेत्र में रातामाटी, अप्रैल 2025। अप्रैल 2025 में नक्सलियों ने रातामाटी जाने वाले मुख्य रास्ते पर लैंडमाइन बिछा दी। अभियान के दौरान हुए इस भयानक विस्फोट में झारखंड जगुआर के आरक्षी सुनील धान मौके पर ही शहीद हो गए और कोबरा बटालियन का एक हेड कांस्टेबल बुरी तरह घायल हो गया। इस कांड के पीछे भी सागेन अंगारिया, मुकेश, मुन्नी सुरिन और बिरसा का हाथ था।

दुगूनिया मुठभेड़: एरिया कमांडर अरुण मडकम ढेर

गोइलकेरा थाना क्षेत्र के दुगूनिया के जंगल, अगस्त 2025। दहशत फैलाने और हथियार लूटने के इरादे से नक्सलियों ने दुगूनिया के घने जंगलों में सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला किया। लेकिन इस बार सुरक्षा बलों ने नक्सलियों को संभलने का मौका नहीं दिया और मुंहतोड़ जवाब दिया। इस भीषण मुठभेड़ में पुलिस ने भाकपा माओवादी के एरिया कमांडर अरुण उर्फ वरुण उर्फ निलेश मडकम को मार गिराया । इस मुठभेड़ के दौरान सागेन अंगारिया और सनत भी वहां मौजूद थे जो भाग निकले।

पंचलाता बुरू मुठभेड़: जोनल कमांडर अपटन उर्फ अमित हांसदा ढेर

गोइलकेरा थाना क्षेत्र के पंचलता बुरू के जंगल, सितंबर 2025। दुगूनिया की हार से बौखलाए नक्सलियों ने अगले ही महीने पंचलता बुरू के जंगलों में फिर से सुरक्षाबलों पर फायरिंग की। जवानों ने अदम्य साहस दिखाते हुए जवाबी हमला किया और माओवादियों के जोनल कमांडर अपटन उर्फ अमित हांसदा को मौके पर ही ढेर कर दिया। नक्सलियों के लिए यह एक बहुत बड़ा झटका था । इस दौरान सागेन अंगारिया और मुनी राम शीर्ष नेताओं के साथ वहां लड़ रहे थे।

बिंगईकीर का भीषण मुठभेड़: नक्सलियों को भारी नुकसान

छोटानागरा थाना क्षेत्र में बिंगईकीर/कुलापाबुरू, नवंबर 2025। सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच इस इलाके की सबसे भीषण मुठभेड़ों में से एक हुई । जवानों की भारी गोलाबारी के आगे शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनल, अनमोल और सागेन अंगारिया की टीम टिक नहीं पाई और उन्हें भारी जान-माल का नुकसान उठाकर भागना पड़ा। तलाशी अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों के ठिकाने से दो एसएलआर राइफल, एक .303 राइफल, भारी मात्रा में मैगजीन, जिलेटिन की छड़ें, कारतूस और 02 लैपटॉप सहित कई अहम सामग्रियां बरामद कीं।

कोलबंगा हमला: कोबरा सहायक कमांडर अजय मल्लिक जख्मी

जराईकेला थाना क्षेत्र में कोलबंगा, मार्च 2026। नए साल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने और सुरक्षाबलों को रोकने के लिए नक्सलियों ने कोलबंगा में अचानक आईईडी ब्लास्ट किया और अंधाधुंध फायरिंग की। इस कायराना हमले में कोबरा 209 बटालियन के सहायक कमांडर अजय मल्लिक सहित तीन सुरक्षा बल गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

दलाईगढा हमला: 06 जवान गंभीर रूप से घायल

छोटानागरा के दलाईगढा के जंगल/पहाड़ी क्षेत्र, अप्रैल 2026। यह इस सूची की सबसे हालिया घटना है। दलाईगढा के बेहद दुर्गम पहाड़ी और जंगली रास्ते में माओवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर आईईडी विस्फोट किया और भारी गोलीबारी की। इस चौतरफा हमले में नक्सलियों से लोहा लेते हुए कोबरा 205, 207 और 210 बटालियन के 06 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

error: Content is protected !!