लातेहार:लाइन होटल के पास खड़े ट्रक से 15 लाख का एक क्विंटल गांजा बरामद, तस्कर फरार
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनत नदी के समीप लाइन होटल के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान नंबर के ट्रक (RJ 30GB-1311) से करीब एक क्विंटल गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि देवनत नदी के पास लाइन होटल के समीप एक संदिग्ध वाहन खड़ा है, जिसमें भारी मात्रा में गांजा रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चंदवा थाना प्रभारी अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 75 पैकेटों में बंद करीब एक क्विंटल गांजा बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे कर थाने लाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चंदवा थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि फिलहाल पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान के लिए भी जांच जारी है। इस बड़ी बरामदगी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही इसमें शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

