नौकरी के नाम पर 32.91 लाख की ठगी: सीसीएल में बहाली का झांसा, पूरे परिवार पर केस–

–फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर भेजकर 12 युवकों से वसूली, विरोध पर जान से मारने की धमकी

राँची।राजधानी राँची के कांके थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर 32.91 लाख रुपए की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपी ने सीसीएल और मेकन में नौकरी व गेस्ट हाउस दिलाने का झांसा देकर न सिर्फ शिकायतकर्ता, बल्कि उसके परिचितों समेत कुल 12 लोगों से रकम वसूल ली।पीड़ित सुदर्शन चौबे के आवेदन पर मंगलवार को कांके थाना में मुख्य आरोपी देवाशीष मिश्रा, उसकी पत्नी, पुत्र और बहन समेत अन्य सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

पड़ोसी बनकर जीता भरोसा, फिर रचा ठगी का जाल

पीड़ित के अनुसार आरोपी देवाशीष मिश्रा उसके पड़ोस में किराए पर रहता था और जनवरी 2025 से दोनों परिवारों के बीच लगातार संपर्क था।इसी दौरान उसने खुद को सीसीएल और मेकन के अधिकारियों से जुड़ा हुआ बताते हुए भरोसा जीत लिया।उसने घर के ऊपर फ्लोर बनवाकर उसे गेस्ट हाउस के रूप में किराए पर लगवाने और साथ ही नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद धीरे-धीरे पैसे की मांग शुरू हुई।

ऐसे वसूले गए 32.91 लाख रुपए

आरोपी और उसके परिवार ने मिलकर सुनियोजित तरीके से रकम वसूली. देवाशीष मिश्रा ने खुद कई किस्तों में करीब 7.36 लाख रुपए लिए, जबकि उसके पुत्र प्रियांशु मिश्रा के खाते में फोन-पे और नगद मिलाकर करीब 6.40 लाख रुपए जमा कराए गए।इसी तरह पत्नी ज्योति मिश्रा को करीब 3.80 लाख रुपए और बहन वंदना दास को करीब 10.95 लाख रुपए दिए गए।इसके अलावा आरोपी के कहने पर कई अन्य लोगों के खातों में भी करीब 4.17 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 15.79 लाख रुपए ऑनलाइन और 17.11 लाख रुपए नगद मिलाकर 32.91 लाख रुपए की ठगी की गई।

फर्जी नियुक्ति पत्र से बनाया भरोसा

आरोपियों ने 12 युवकों को ईमेल और डाक के जरिए नियुक्ति पत्र भेजे, जिससे सभी को विश्वास हो गया कि उनकी नौकरी लग चुकी है।लेकिन बाद में जांच करने पर सभी नियुक्ति पत्र फर्जी पाए गए, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।आरोपी ने पीड़ित से घर के जमीन से जुड़े दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक चेक और आयकर रिटर्न की कॉपी भी ले ली।अब पीड़ित को इस बात की आशंका है कि इन दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।

विरोध पर धमकी, दहशत में परिवार

जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगने और जवाब देने को कहा, तो आरोपियों ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने अपने अपराधियों और अधिकारियों से संबंध होने की बात कहकर डराने की कोशिश की, जिससे पीड़ित परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

error: Content is protected !!