शादी में गया परिवार, पीछे से 35 लाख की सेंध: चुटिया में खिड़की तोड़कर घर साफ…
राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित अमरावती कॉलोनी में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है।शादी समारोह में घर खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और करीब 35 लाख रुपए मूल्य के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।इस मामले में गृहस्वामी प्रदीप कुमार के आवेदन पर चुटिया थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
रात में खाली घर बना निशाना, सुबह खुला राज
प्रदीप कुमार के अनुसार, उनके घर में शादी समारोह होने के कारण परिवार के सदस्य बाहर थे। घर पर उनका बेटा प्रकाश कुमार था, जो 8 मई की शाम करीब 6 बजे ऑफिस चला गया।जब वह सुबह करीब 4 बजे ड्यूटी से लौटा, तो उसने घर के पीछे की खिड़की टूटी देखी।अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली थी और उसमें रखे जेवरात व नगदी गायब थे।
सोना-चांदी के गहनों पर हाथ साफ, नकद भी ले उड़े
चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के भारी मात्रा में गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इसमें कानवाली, झुमका, सिकड़ी, चूड़ी, अंगूठी, मांगटीका, लकेट समेत कई आभूषण शामिल हैं।इसके अलावा चांदी के पायल, बिछिया और अन्य सामान भी चोरी कर लिए गए। नकद करीब 40 हजार रुपए, एक मोबाइल फोन, घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती सामान भी चोर अपने साथ ले गए।
सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपा, जांच तेज
घटना के बाद परिवार ने तुरंत स्थानीय थाना और पीसीआर को सूचना दी।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए हैं।पुलिस के अनुसार फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। इतनी बड़ी चोरी को देखते हुए पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे किसी संगठित चोर गिरोह का हाथ हो सकता है, जिसने पहले रेकी कर घर को निशाना बनाया।

