30 अगस्त से लापता बुजुर्ग का झाड़ियों में मिला नरकंकाल, बैग में बेटे की तस्वीर और डायरी से खुला पहचान का राज
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में करीब तीन महीने से लापता 70 वर्षीय बुजुर्ग का नरकंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ाजामदा में पुराने लकड़ी डिपो के पास झाड़ियों में कंकाल के साथ मिले एक बैग ने मृतक की पहचान का राज खोल दिया। बैग में रखे कपड़े, दवाइयां, डायरी और बेटे की तस्वीर के सहारे परिजनों ने कंकाल की पहचान अपने पिता धनंजय आपट के रूप में की।
घटना मंगलवार दोपहर की है। सेंट्रल अस्पताल चौक के समीप पुराने लकड़ी डिपो के पास झाड़ियों में किसी व्यक्ति की नजर अचानक बिखरी हड्डियों पर पड़ी। इसकी सूचना मिलते ही बड़ाजामदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। खबर मिलने पर मृतक के बेटे श्रीबाचो आपट अपने छोटे भाई चंद्रकांत आपट के साथ घटनास्थल पहुंचे। वहां नरकंकाल के पास एक बैग और गमछा पड़ा मिला। बैग की तलाशी में कपड़े, दवाइयां, डायरी और छोटे बेटे चंद्रकांत की तस्वीर मिली। इन सामानों को देखकर परिजनों ने कंकाल की पहचान धनंजय आपट के रूप में की।
30 अगस्त की आधी रात घर से निकले थे
परिजनों के मुताबिक, धनंजय आपट मूल रूप से पंडराशाली गांव के निवासी थे। वह पहले बड़ाजामदा रेलवे साइडिंग में एक ठेकेदार के अधीन मुंशी का काम करते थे। काम छूटने के बाद वह पंजिका यानी पंचांग के जरिए भविष्य की गणना किया करते थे। उनके बेटे श्रीबाचो आपट ने बताया कि पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। इसी कारण 30 अगस्त की आधी रात वह बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
तीन महीने तक पिता की तलाश में भटकने वाले परिजनों को मंगलवार को उनकी मौत की खबर मिली। झाड़ियों में मिले नरकंकाल और उसके पास रखे सामान ने परिवार की उम्मीदों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया।
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया कंकाल
सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। नरकंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा गया है। परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

