पत्नी के साथ दूसरे युवक को आपत्तिजनक स्थिति देख पति ने खोया आपा, टांगी से दोनों को काट डाला,दोहरे हत्याकांड के आरोपी गिरफ्तार
लोहरदगा।पत्नी पर शक और घरेलू विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि एक ही रात दो लोगों की जान चली गई। लोहरदगा के भंडरा गांव में रविवार की रात दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर पति ने आपा खो दिया और टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दोनों की हत्या कर दी। मृतकों की पहचान पूजा देवी (31) और रोहित कुमार (32), निवासी पटना (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पति सोनू लहरी (38) को गिरफ्तार कर लिया है।
शक की आग में दोहरी हत्या, टांगी से किया जानलेवा हमला
घटना भंडरा थाना क्षेत्र की है। ग्रामीणों के अनुसार, सोनू लहरी और उसकी पत्नी पूजा देवी के बीच कथित अवैध संबंध को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि रविवार की रात सोनू अपने दोनों बच्चों के साथ एक कमरे में सो रहा था, जबकि पूजा दूसरे कमरे में रोहित कुमार के साथ मौजूद थी।इसी दौरान पति की नजर दोनों पर पड़ी। इसके बाद गुस्से में उसने टांगी उठा ली और दोनों पर हमला कर दिया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पूजा देवी का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि रोहित के चेहरे पर भी टांगी से कई वार किए गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मां की मौत, पिता जेल में, दो मासूमों का भविष्य अधर में
इस खौफनाक वारदात ने परिवार के दो मासूम बच्चों की जिंदगी भी संकट में डाल दी है। करीब सात और दस वर्ष के दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है, जबकि पिता हत्या के आरोप में पुलिस की गिरफ्त में है। एक ही रात में बच्चों की दुनिया उजड़ गई। गांव में घटना के बाद से मातम और दहशत का माहौल है।
पुलिस ने आरोपी पति को दबोचा
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता, एसआई रविकांत कुमार, एसआई रामदेव राय और एएसआई शाकिर अली पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सोनू लहरी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

