पलामू में पुलिस का बड़ा एक्शन, 40 लाख के ब्राउन शुगर के साथ अंतरराज्यीय तस्कर राजा गिरफ्तार; बिहार-UP तक फैला नेटवर्क
पलामू। नशे के काले कारोबार के खिलाफ पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात तस्कर चिंटू कुमार कहार उर्फ राजा को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस ने 256 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है, जिसकी कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बतायी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तस्कर का नेटवर्क बिहार और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।
पलामू पुलिस इन दिनों नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहार चला रही है। इसी अभियान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गढ़वा की ओर से चैनपुर थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खेप पहुंचने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया और वाहनों की जांच तेज कर दी।
इसी दौरान चैनपुर थाना क्षेत्र के किनी पेट्रोल पंप के पास पुलिस की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक कार वहां पहुंची। पुलिस को देखते ही कार सवार ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस को शक हुआ और टीम ने तत्काल कार का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार में सवार चिंटू कुमार कहार उर्फ राजा के पास से 256 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार चिंटू कुमार उर्फ राजा गढ़वा जिले के सोनपुरवा का रहने वाला है। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि राजा पुलिस की लंबे समय से रडार पर था। उसकी गिरफ्तारी और भारी मात्रा में ब्राउन शुगर की बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसपी के अनुसार, आरोपी का अंतरराज्यीय नेटवर्क है, जिसके तार बिहार और उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव ने किया। टीम में चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी, सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार, रमन यादव और मुरारी दास शामिल थे। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

