प्रेमिका से मिलने पहुंचा था प्रेमी, ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ा; फिर पंचायत और परिवार की सहमति से मंदिर में रचाई शादी, सात फेरों के साथ मुकम्मल हुई मोहब्बत की दास्तान

 

पलामू। प्रेमिका से चोरी-छिपे मिलने पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद मामला इतना आगे बढ़ा कि प्रेम कहानी का अंत सीधे शादी के मंडप में हुआ। दोनों परिवारों की सहमति बनी और बुधवार को मंदिर में युवक-युवती ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी बना लिया। प्रेम प्रसंग से शुरू हुई यह कहानी अब शादी के बंधन में बंध चुकी है।

मामला पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत कोशियारा पंचायत के तेनला गांव का है। यहां के निवासी पच्चु शर्मा के पुत्र गुड्डू शर्मा और लातेहार जिले के जिंगुर गांव निवासी काजल कुमारी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को गुड्डू अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंच गया। दोनों घर में साथ थे, तभी कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी।

इधर, संयोग ऐसा रहा कि उसी गांव में गुड्डू की बहन की शादी भी हुई थी। युवक के पकड़े जाने की खबर मिलने पर उसके जीजा मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवती के परिजनों से बातचीत की। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद शादी पर सहमति बन गई।

इसके बाद बुधवार को लातेहार के एक मंदिर में गुड्डू और काजल की शादी करा दी गई। दोनों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। बताया जाता है कि युवक और युवती एक ही जाति के हैं। शादी में दोनों परिवारों के अभिभावकों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

इस तरह प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की प्रेम कहानी का अंत ग्रामीणों के बीच पकड़ने से शुरू होकर शादी के सात फेरों तक पहुंच गया। इलाके में यह प्रेम विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है।

error: Content is protected !!