आसमान में टकराए दो हेलीकॉप्टर, विदेशी पर्यटक की मौत; कैप्टन घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
डेस्क/काठमांडू।नेपाल में माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हवाई हादसा हो गया। सोलुखुम्बु जिले के फेरिचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस भीषण हादसे में एक विदेशी पर्यटक की मौत हो गई, जबकि एक हेलीकॉप्टर के कैप्टन घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
नेपाल पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:11 बजे हुआ। उस समय फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर फेरिचे हेलीपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
हादसे में फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार एक विदेशी पर्यटक की जान चली गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं, एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर के कैप्टन रबिंद्र प्रजापति घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्रभु हेलीकॉप्टर की मदद से लुकला ले जाकर इलाज के लिए भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर को कैप्टन प्रज्ज्वल केसी उड़ा रहे थे, जबकि एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर की कमान कैप्टन रबिंद्र प्रजापति के हाथों में थी। घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल सक्रिय हो गया। सिमरिक एयर का एक हेलीकॉप्टर भी घटनास्थल पर पहुंचा है और राहत-बचाव अभियान जारी है।फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित अधिकारी घटनास्थल से विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं।

