नशे की हालत में तालाब में नहाने उतरा युवक, फिर नहीं लौटा बाहर…किनारे मिले कपड़े, दोस्त के भागने की चर्चा; तलाश में बुलाई गई NDRF की टीम

 

राँची।जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक तालाब में युवक के डूबने की आशंका से इलाके में सनसनी फैल गई है। हेसल तालाब में 25 वर्षीय संदीप मुंडा के डूबने की आशंका जताई जा रही है। मंगलवार की सुबह तालाब के किनारे उसके कपड़े मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर अनगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई। पानी की गहराई और युवक का पता नहीं चलने के कारण अब एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को भी बुलाया गया है।

रात में दोस्त के साथ तालाब पहुंचा था युवक

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, संदीप मुंडा रात में अपने एक दोस्त के साथ हेसल तालाब पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान संदीप ने अपने कपड़े उतारे और नहाने के लिए तालाब के गहरे पानी में उतर गया। आशंका है कि पानी की गहराई का अंदाजा नहीं मिलने के कारण वह डूबने लगा। उसे डूबता देख उसके साथ मौजूद दोस्त घबरा गया और कथित तौर पर मौके से भाग निकला।

सुबह कपड़े मिलने पर मचा हड़कंप

मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे तो किनारे युवक के कपड़े पड़े मिले। आसपास संदीप के नहीं दिखने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तत्काल अनगड़ा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश कराने का प्रयास किया।

NDRF की टीम करेगी तलाश

तालाब में युवक के डूबने की आशंका को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। साथ गए दोस्त की भूमिका और रात में हुई घटना के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल संदीप का शव बरामद नहीं हुआ है। एनडीआरएफ की तलाश के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!