चौली गांव लूटकांड का पर्दाफाश: हथियार के बल पर घर में घुसे थे अपराधी, दो शातिर गिरफ्तार; लूटे गये मोबाइल और नकदी शत-प्रतिशत बरामद
राँची।पिठोरिया थाना क्षेत्र के उलातू पंचायत स्थित चौली गांव में हथियार के बल पर घर में घुसकर लूटपाट करने वाले अपराधियों तक पुलिस पहुंच गई है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये आरोपियों की पहचान बबन खान उर्फ दिलशाद खान और भोडू शेख के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, चौली गांव में हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पीड़ित की लिखित शिकायत पर पिठोरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार छापेमारी और घेराबंदी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गये मोबाइल फोन और नकद रुपये शत-प्रतिशत बरामद कर लिये गये हैं। अब पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की भूमिका का पता लगा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में इनके साथ अन्य अपराधी भी शामिल हो सकते हैं।

