राँची में होटल कर्मी की बेरहमी से हत्या: देर रात घर लौट रहे होटल कर्मी पर धारदार हथियार से हमला, करकटा मोड़ के पास मिला शव; इलाके में सनसनी

 

राँची। राजधानी राँची में अपराधियों ने देर रात खूनी वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी है। पिठोरिया थाना क्षेत्र के करकटा मोड़ के पास देर रात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर एक होटल कर्मी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल गोराई के रूप में हुई है। वह पिठोरिया स्थित कृष्णा स्वीट होटल में काम करता था। इस हत्याकांड के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। अचानक हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

होटल से ससुराल जा रहा था, रास्ते में घात लगाए अपराधियों ने किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, राहुल देर रात होटल में अपना काम खत्म करने के बाद ससुराल जाने के लिए निकला था। उसका ससुराल ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के भाट बोड़या गांव में है। इसी दौरान जब वह करकटा मोड़ के पास पहुंचा, तभी अपराधियों ने उसे रोक लिया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। वार इतना घातक था कि उसकी जान चली गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

पुरुलिया का रहने वाला था मृतक, राँची में करता था होटल में काम

बताया जा रहा है कि मृतक बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल गोराई मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का रहने वाला था। वह पिठोरिया के कृष्णा स्वीट होटल में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रोजमर्रा की तरह होटल का काम खत्म कर वह अपने ससुराल जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही अपराधियों ने उसकी जान ले ली। देर रात हुई इस हत्या से उसके परिजनों और परिचितों में मातम पसरा हुआ है।

हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस, अपराधियों की तलाश में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही पिठोरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। अपराधियों की पहचान के लिए संभावित रास्तों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल गोराई की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। अपराधियों ने उसे रास्ते में रोककर हमला क्यों किया, क्या इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश है या कोई अन्य विवाद, इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!