राँची में कोयला कारोबारी के घर पर आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग, सुबह 4 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला प्रेम नगर,राहुल दुबे गैंग ने पर्चा छोड़कर ली जिम्मेदारी,पहले भी दी थी धमकी

 

राँची। राजधानी राँची में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में शुक्रवार की अहले सुबह अपराधियों ने कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने घर के मुख्य दरवाजे के ऊपर आधा दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चलाईं। सुबह करीब चार बजे अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। गहरी नींद में सो रहे लोग गोलियों की आवाज सुनकर सहम गए। जब तक घर के मालिक और आसपास के लोग बाहर निकलकर कुछ समझ पाते, तब तक अपराधी मौके से फरार हो चुके थे। इस वारदात के बाद प्रेम नगर में दहशत का माहौल कायम हो गया है।

राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा छोड़कर फरार हुए अपराधी

घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी घटनास्थल पर एक पर्चा भी छोड़कर गए हैं। वहीं, इस गोलीबारी की जिम्मेदारी कुख्यात राहुल दुबे गैंग द्वारा लिए जाने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने कारोबारी के घर को निशाना बनाकर फायरिंग की और फिर मौके पर पर्चा छोड़कर फरार हो गए। पुलिस पर्चे की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में वास्तव में कौन-कौन अपराधी शामिल थे।

उरीमारी में कोयला साइडिंग का कारोबार, पहले भी मिल चुकी थी धमकी

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, संजय करमाली हजारीबाग जिले के उरीमारी में कोयला साइडिंग का कारोबार करते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले राहुल दुबे गैंग की ओर से उन्हें धमकी दी गई थी। इतना ही नहीं, कारोबारी की उरीमारी स्थित साइडिंग पर भी पहले फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में संजय करमाली की ओर से उरीमारी थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।इसके बावजूद अपराधियों ने अब राजधानी राँची में उनके आवास को निशाना बना लिया। शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे अपराधियों ने प्रेम नगर स्थित उनके घर के दरवाजे पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस घटनाक्रम को पहले मिली धमकी और उरीमारी साइडिंग पर हुई फायरिंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच संबंध और गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

गोलीबारी की सूचना मिलते ही कांके थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। हमलावर किस रास्ते से आए और वारदात को अंजाम देने के बाद किस दिशा में फरार हुए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

 

error: Content is protected !!