राँची में दूध देने पहुंचे रामू की गोली मारकर हत्या से सनसनी, तीन आरोपी गिरफ्तार
राँची।राजधानी राँची के मांडर में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ अंदाज में खूनी खेल खेला। रोजाना की तरह दूध लेकर डेयरी सेंटर पहुंचे रामू उरांव को अपराधियों ने गोलियों का निशाना बना लिया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। इस सनसनीखेज हत्याकांड से इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर रात रामू हर दिन की तरह दूध देने के लिए पीको गांव स्थित डेयरी केंद्र पहुंचे थे। वह नियमित रूप से यहां दूध पहुंचाने का काम करते थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से रामू की मौके पर ही मौत हो गई। रोजमर्रा के काम से डेयरी सेंटर पहुंचे रामू को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि वहां मौत उनका इंतजार कर रही है।
जमीन विवाद में हत्या की आशंका
शुरुआती पुलिस जांच में इस हत्याकांड के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद को लेकर रामू की हत्या की साजिश रची गई थी। हालांकि हत्या की असली वजह और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में छापेमारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। खलारी डीएसपी ने बताया कि हत्याकांड में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
इधर पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मांडर थाना क्षेत्र के सेवाड़ी गांव निवासी राम उरांव का ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के एडरा गांव निवासी कारु सिंह (पिता परसन सिंह) के साथ पिछले कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर बीती रात कारु सिंह हथियार लेकर टिको गांव स्थित बालचन्द महतो के डेयरी सेंटर पहुंचा। वहां उसने डेयरी मालिक से राम उरांव के आने का समय पूछा। इसके बाद वह उनके पहुंचने का इंतजार करने लगा। जैसे ही राम उरांव डेयरी सेंटर पहुंचे, कारु सिंह ने उन पर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गया।घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में कुल छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें से तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

