राँची में ब्राउन शुगर के साथ बाइक सवार दो युवक गिरफ्तार, 2.79 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद; जेल भेजे गए

 

राँची।नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ओरमांझी पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 2.79 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इसके अलावा उनके पास से मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम ओरमांझी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने चाय बगान तापे के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान रामगढ़ की ओर से राँची आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं।

बताया जाता है कि बाइक सवार युवकों की नजर जैसे ही पुलिस पर पड़ी, उन्होंने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ाकर वहां से भागने का प्रयास किया। हालांकि, सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद उनकी तलाशी ली गई, जिसमें कुल 2.79 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीआईटी थाना क्षेत्र के मेसरा निवासी शाहनवाज अंसारी (27), पिता अहमद अंसारी, और इकरामुल अंसारी (20), पिता इमामुल अंसारी के रूप में हुई है। दोनों युवक मोटरसाइकिल संख्या JH01BE 9974 पर सवार थे।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशीले पदार्थों की आवाजाही पर पुलिस की निगरानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

error: Content is protected !!