गुमला में AK-56 और देसी कार्बाइन के साथ अपराधी गिरफ्तार, जंगल की आड़ में भागे 4-5 संदिग्ध;पुलिस की छापेमारी में हथियारों का जखीरा बरामद

 

गुमला में बड़ी आपराधिक वारदात की आशंका पर पुलिस की छापेमारी, लाल रंग की वैगनआर कार से देसी कार्बाइन, 9 एमएम की गोलियां और अन्य सामान बरामद। गिरफ्तार अपराधी राजेंद्र यादव की निशानदेही पर AK-56 राइफल, दो मैगजीन और 7.62 एमएम की 34 गोलियां मिलीं। रोहित कुमार शर्मा समेत अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस।

गुमला।झारखण्ड के गुमला में पुलिस ने संभावित बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को लेकर कार्रवाई करते हुए AK-56 राइफल, देसी कार्बाइन और भारी मात्रा में गोलियां बरामद की हैं। मामले में पुलिस ने लेकोटोली गांव निवासी राजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर AK-56 राइफल और गोलियां बरामद की गईं। वहीं, मौके पर मौजूद चार से पांच संदिग्ध पुलिस को देखते ही जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अब नामजद आरोपी रोहित कुमार शर्मा और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

गुमला के एसपी हरीश बिन जमा ने 29 अक्टूबर को प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि सिसई थाना क्षेत्र के छारदा गांव निवासी रोहित कुमार शर्मा अपने चार-पांच साथियों के साथ लेकोटोली गांव निवासी राजेंद्र यादव के घर पहुंचा है। सूचना में उनके पास बड़ी संख्या में अवैध और घातक हथियार होने तथा किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की आशंका जताई गई थी।

रात 10:45 बजे पहुंची पुलिस, कार से उतरकर भागे संदिग्ध

गुप्त सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम 27 अक्टूबर की रात करीब 10:45 बजे लेकोटोली गांव के पास पहुंची। इसी दौरान रास्ते में लाल रंग की वैगनआर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AA-9378) खड़ी मिली, जिसमें चार से पांच लोग सवार थे।पुलिस वाहन को देखते ही कार में बैठे सभी लोग उतरकर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन जंगल-झाड़ियों और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सभी फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने कार की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से देसी कार्बाइन, 9 एमएम की दो जिंदा गोलियां, AK-56 की मैगजीन सहित अन्य सामान बरामद किए गए।

राजेंद्र यादव गिरफ्तार, उसकी निशानदेही पर मिली AK-56 राइफल

पुलिस ने 28 अक्टूबर को सघन छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान लेकोटोली निवासी राजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, राजेंद्र यादव की निशानदेही पर AK-56 राइफल, दो मैगजीन और 7.62 एमएम की 34 गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा पुलिस ने एक देसी कार्बाइन, दो मोबाइल फोन, दुर्गा पूजा से संबंधित एक चंदा पर्चा और लकड़ी एवं लोहे से बना एक धारदार फरसा भी जब्त किया है।

पुलिस ने इस मामले में रोहित कुमार शर्मा को नामजद आरोपी बनाया है। उसके अलावा दो से तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे, इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और फरार संदिग्धों का आपराधिक नेटवर्क कितना बड़ा है।

हथियारों के स्रोत और संभावित साजिश की जांच

AK-56 जैसी घातक राइफल और देसी कार्बाइन की बरामदगी के बाद पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। हालांकि, संभावित वारदात किस तरह की थी और हथियारों का इस्तेमाल कहां किया जाना था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव, पुलिस अंचल निरीक्षक विनय कुमार, भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

एसपी हरीश बिन जमा ने बताया कि गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सूचनाएं जुटा रही है और उनके आधार पर कार्रवाई कर रही है।

 

error: Content is protected !!