गोड्डा में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, अर्धनिर्मित पिस्टल और हथियार बनाने की मशीनें बरामद..दो गिरफ्तार
गोड्डा। जिले के महागामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।बिहार एसटीएफ की टीम के साथ महागामा पुलिस ने घाट बलिया गांव स्थित एक घर में छापेमारी कर कथित तौर पर संचालित मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनों, लोहे के कच्चे माल, अर्धनिर्मित हथियारों, देसी बंदूक और जिंदा कारतूस समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 16 सितंबर 2026 को बिहार एसटीएफ की टीम के साथ की गई। बिहार के मुफस्सिल थाना कांड संख्या 98/26 के प्राथमिकी अभियुक्त ग्राम मिर्जापुर बरदहा, थाना मुफस्सिल, जिला मुंगेर के सहयोगी पवन तुरी के नाम-पते के सत्यापन और गिरफ्तारी के लिए टीम महागामा थाना क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान पवन तुरी के घर में अवैध रूप से मिनी गन फैक्ट्री संचालित किए जाने की सूचना सामने आई।
सूचना के आधार पर वरीय पदाधिकारियों और दंडाधिकारी की मौजूदगी में घाट बलिया स्थित पवन तुरी के घर पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को हथियार निर्माण से जुड़ी कई मशीनें और भारी मात्रा में कच्चा माल मिला। बरामद सामान को देखकर पुलिस ने मौके पर ही हथियार निर्माण की गतिविधि चलने की पुष्टि की दिशा में जांच शुरू कर दी।
पुलिस की बरामदगी सूची के मुताबिक मौके से 10 अर्द्धनिर्मित देसी पिस्टल की बॉडी, 20 अर्द्धनिर्मित पिस्टल की ग्रिप, स्लाइड और बैरल, 12 कटे हुए बैरल तथा स्लाइड सहित अन्य पुर्जे बरामद किए गए हैं।इसके अलावा करीब 25 अदद लोहे के प्लेट, 150 अदद लोहे के प्लेट, मैगजीन बनाने में इस्तेमाल होने वाले पाइप, लोहे के कटे हुए टुकड़े, लोहे का कटर मशीन और वर्नियर कैलिपर भी जब्त किए गए।पुलिस ने मौके से ड्रिल मशीन, मिलिंग मशीन, लेथ मशीन, रिवॉल्वर स्प्रिंग और मैगजीन स्प्रिंग समेत हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।
छापेमारी में पुलिस को सिर्फ हथियारों के पुर्जे ही नहीं मिले, बल्कि एक देसी राइफल भी बरामद हुई। इसके साथ ही एक गोली, जिसकी पेंदा पर 64 लिखा हुआ बताया गया है, भी जब्त की गई है।बरामदगी में एक अर्धनिर्मित पिस्टल सेट, जिसमें बॉडी, बट और बैरल शामिल हैं, के अलावा नया-पुराना ग्राइंडिंग व्हील और अन्य सामान भी शामिल है।पुलिस ने मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल, बिना निबंधन वाली इलेक्ट्रिक स्कूटी,साउंड बॉक्स, काले रंग का लैपटॉप और कई मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बरामद पल्सर मोटरसाइकिल का निबंधन नंबर JH18N-1645 बताया गया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच शुरू
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हराधन मिर्धा, पिता-पंचम मिर्धा और गुलमनी देवी, पति-हराधन मिर्धा, दोनों निवासी घाट बलिया, थाना महागामा, जिला गोड्डा शामिल हैं।पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि घर में हथियार निर्माण का काम कब से चल रहा था, हथियारों की सप्लाई कहां की जाती थी और इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।पुलिस प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि बरामद सामान की विधिवत जब्ती की कार्रवाई करते हुए मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक के संबंध में अनुसंधान किया जा रहा है।
बिहार STF के साथ महागामा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पूरी कार्रवाई में महागामा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो, अंचल निरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता समेत महागामा, ललमटिया, मेहरमा, हनवारा और बोआरिजोर थाना के प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। कार्रवाई में विशेष कार्य बल (एसटीएफ), बिहार, पटना की टीम भी शामिल थी। इस बरामदगी के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि महागामा के एक घर में तैयार हो रहे इन हथियारों की सप्लाई आखिर किन लोगों तक पहुंच रही थी। पुलिस की आगे की जांच में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े नाम और हथियारों के इस्तेमाल का राज खुलने की उम्मीद है।

