वृंदाहा फॉल में हादसा: रील बनाते समय चट्टान से फिसला छात्र, गहरे पानी में लापता
कोडरमा। तिलैया थाना क्षेत्र का प्रसिद्ध वृंदाहा वाटर फॉल बुधवार को उस समय चीख-पुकार से गूंज उठा, जब पिकनिक मनाने पहुंचे 14 वर्षीय छात्र की नहाने के दौरान डूबने से तलाश शुरू हो गई। जहानाबाद, बिहार निवासी सागर कुमार (14), पिता राजेश प्रसाद, अपने साथियों के साथ वाटर फॉल पहुंचा था। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। अब उसकी तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है।
बताया जाता है कि जहानाबाद का एक निजी कोचिंग संचालक करीब छह बच्चों और अपनी बेटी के साथ कोडरमा घूमने आया था। सभी ट्रेन से कोडरमा स्टेशन पहुंचे और वहां से ऑटो रिजर्व कर वृंदाहा वाटर फॉल पहुंचे। इसके बाद सभी को तिलैया डैम जाना था, लेकिन उससे पहले बच्चे वाटर फॉल के पास नहाने लगे।
इसी दौरान नौवीं कक्षा का छात्र सागर एक चट्टान पर चढ़कर नहाने के साथ रील बना रहा था। अचानक उसका पैर फिसला और वह चट्टान के नीचे मौजूद गहरे गड्ढे में जा गिरा। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वाटर फॉल के आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना तिलैया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से छात्र की तलाश शुरू की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बारिश बनी तलाश में बाधा
सागर की तलाश के दौरान अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश के कारण पानी का बहाव और बढ़ गया, जिससे रेस्क्यू अभियान में काफी परेशानी हुई। काफी प्रयास के बावजूद देर शाम तक छात्र का पता नहीं चल पाया।थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि छात्र की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद दोबारा सघन अभियान चलाया जाएगा।
चेतावनी के बावजूद चट्टानों तक पहुंचते हैं पर्यटक
वृंदाहा वाटर फॉल में चट्टानों के आसपास गहरे गड्ढे और खतरनाक स्थान हैं। जिला प्रशासन की ओर से पर्यटकों को लगातार फॉल के नजदीक जाने और चट्टानों पर चढ़ने से बचने की चेतावनी दी जाती रही है। बावजूद इसके लोग सेल्फी और रील बनाने के लिए जोखिम उठाते हैं।वृंदाहा वाटर फॉल में पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं। सागर के साथ हुई घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कुछ सेकेंड की रील और तस्वीर के लिए आखिर कब तक लोग अपनी जिंदगी दांव पर लगाते रहेंगे?

