लातेहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: टीपीसी का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, देशी मजल लोडिंग बंदूक बरामद
लातेहार।जिले में उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी कुमार गौरव को मिली सटीक गुप्त सूचना के आधार पर बालूमाथ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय रोहन गंझू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी मजल लोडिंग बंदूक भी बरामद की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि टीपीसी का सक्रिय सदस्य रोहन गंझू बालूमाथ थाना क्षेत्र के बारवा टोली भगीया इलाके में घूम रहा है। आशंका थी कि वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने अथवा इलाके में छिपने की फिराक में है।सूचना मिलने के बाद एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस ने पहले इसकी सत्यता की जांच की। सूचना की पुष्टि होने के बाद बालूमाथ थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से रोहन गंझू को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने रोहन गंझू की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी मजल लोडिंग बंदूक बरामद हुई। पुलिस ने हथियार को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।पुलिस अब बरामद हथियार और आरोपी की उग्रवादी गतिविधियों में संलिप्तता को लेकर आगे की जांच कर रही है।
पुलिस की पूछताछ और अब तक की जांच में रोहन गंझू के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, वह क्षेत्र में टीपीसी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ लेवी वसूली जैसी गतिविधियों में भी सक्रिय था।बताया गया है कि रोहन गंझू का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ लातेहार जिले के बारियातु और बालूमाथ थाना क्षेत्रों के अलावा पड़ोसी चतरा जिले के चन्दवा और टंडवा थाना में भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
रोहन गंझू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों और टीपीसी के स्थानीय नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस उससे पूछताछ कर संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों, उनकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रही है।पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में उग्रवाद के खिलाफ अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

