प्रधानमंत्री के खिलाफ AI से बनाई गई आपत्तिजनक तस्वीर पर शिकायत, कड़ी कार्रवाई की मांग
चाईबासा/नावामुंडी। सोशल मीडिया पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के माध्यम से तैयार की गई कथित रूप से बेहद आपत्तिजनक एवं भ्रामक तस्वीर पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। इसे प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए सोमवार को नोवामुंडी थाना, पश्चिमी सिंहभूम में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करते हुए संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार न केवल किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को प्रभावित करता है, बल्कि संवैधानिक पद की गरिमा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली संदिग्ध, फर्जी अथवा भ्रामक पोस्ट को बिना सत्यापन के शेयर या फॉरवर्ड न करें। साथ ही, ऐसी सामग्री सामने आने पर इसकी सूचना संबंधित प्रशासन एवं पुलिस को देने की बात कही गई।
मौके पर नोवामुंडी मंडल अध्यक्ष चन्द्र मोहन गोप, लालमोहन दास, चैतन गोप, जय गुरुम जितेंद्र ग्रूम, पवित्रो पान, विनीत कुमार गोप,राजा बेहरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

