सीतामढ़ी में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, दिनेश यादव हत्याकांड के तीनों आरोपियों का हाफ एनकाउंटर

सीतामढ़ी।चर्चित दिनेश यादव हत्याकांड के फरार आरोपियों की तलाश में निकली पुलिस टीम का मंगलवार देर रात अपराधियों से आमना-सामना हो गया। रीगा थाना क्षेत्र में रेवासी-भगवानपुर बॉर्डर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी गोली लगने से घायल हो गये। तीनों को मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11 बजे जिला आसूचना इकाई (DIU) को सूचना मिली थी कि दिनेश यादव हत्याकांड का आरोपी सुनील कुशवाहा अपने साथियों के साथ रीगा-परसौनी इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही रीगा थाना पुलिस, DIU टीम और हत्याकांड की जांच के लिए गठित SIT सक्रिय हो गयी। रीगा-परसौनी मार्ग पर सघन गश्त शुरू की गयी।

गश्त के दौरान रेवासी-भगवानपुर बॉर्डर के पास पुलिस टीम की नजर एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों पर पड़ी। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गयी।पुलिस का दावा है कि बाइक गिरने के बाद तीनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलायी। इस कार्रवाई में तीनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गये। पुलिस ने उन्हें काबू में लेकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

तीन पिस्टल और कारतूस से भरा बैग बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। मौके से तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बैग में बड़ी संख्या में कारतूस भी मिले हैं। बरामद हथियार और कारतूस को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

तीनों आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार घायल आरोपियों की पहचान रीगा थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी सुनील कुशवाहा, बेलसंड थाना क्षेत्र के मणि कुमार और गाढ़ा थाना क्षेत्र निवासी इंदल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि तीनों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ लूट व हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

अब खुलेगा दिनेश यादव हत्याकांड का राज
तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी को दिनेश यादव हत्याकांड की जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस अब घायल आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हत्याकांड में तीनों की भूमिका क्या थी और इनके साथ अपराध की दुनिया में कौन-कौन लोग जुड़े हैं।इसके साथ ही पुलिस हथियारों की सप्लाई, इनके आपराधिक नेटवर्क और दूसरी वारदातों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है। पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

error: Content is protected !!