1 लाख महीना दो, नहीं तो खोपड़ी खोल देंगे—हरमू के कारोबारी को व्हाट्सएप पर धमकी

 

राँची। अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित हरमू हाउसिंग कॉलोनी निवासी कारोबारी डब्लू शर्मा उर्फ शशिकांत शर्मा को व्हाट्सएप कॉल कर 1 लाख रुपए प्रति माह रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने खुद को रूद्र प्रताप सिंह उर्फ रूदा बताते हुए धमकी दी कि पांच दिनों के भीतर पैसे देने की जगह बताओ, नहीं तो खोपड़ी खोल देंगे। पीड़ित की शिकायत पर अरगोड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ रंगदारी और आपराधिक धमकी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

घटना को लेकर हरमू हाउसिंग कॉलोनी, क्वार्टर बी-84 निवासी डब्लू शर्मा (36 वर्ष), पिता स्वर्गीय परमेश्वर शर्मा ने अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, 4 सितंबर की दोपहर करीब 1:56 बजे उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप नंबर 8945510186 से कॉल आई। फोन उठाने पर कॉलर ने कहा, “हम रूद्र प्रताप सिंह उर्फ रूदा बोल रहे हैं। बहुत नोट छाप रहे हो, एक लाख रुपए महीना दो नहीं तो खोपड़ी खोल देंगे।”

इसके बाद दोपहर 1:59 बजे दोबारा कॉल आई, जिसे पीड़ित ने डर के कारण रिसीव नहीं किया। ठीक दोपहर 2:00 बजे तीसरी बार कॉल कर कॉलर ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि पांच दिन का समय दे रहे हैं, मैसेज कर बताओ कि पैसा कहां पहुंचाना है। कॉलर ने धमकाते हुए आगे कहा कि हरमू चौक पर ही रहते हो, अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो। पीड़ित के अनुसार उनके पास पूरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसे उन्होंने साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंपा है।

पुलिस ने दर्ज की बीएनएस की धाराओं में प्राथमिकी

मामले की गंभीरता को देखते हुए अरगोड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी रूद्र प्रताप सिंह उर्फ रूदा (मोबाइल नंबर- 8945510186) के खिलाफ कांड संख्या 239/2026 दर्ज किया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(3), 308(5) (जबरन वसूली/रंगदारी) और 351(3) (जान से मारने की आपराधिक धमकी) के तहत दर्ज किया गया है। केस के अनुसंधान का प्रभार पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) शुभम कुमार सिंह को सौंपा गया है। पुलिस सर्विलांस और तकनीकी सेल की मदद से संबंधित नंबर की लोकेशन और आरोपी की धरपकड़ में जुट गई है।

error: Content is protected !!