Ranchi:छोटे बेटे की जान का डर दिखाकर बुजुर्ग महिला से 60 ग्राम सोने के जेवर ठगे: तंत्र-मंत्र के नाम पर चूड़ी, चेन और अंगूठी उतरवाई; पुंदाग ओपी में एफआईआर दर्ज
राँची। पुंदाग टीओपी क्षेत्र में फल खरीदने निकली एक बुजुर्ग महिला को परिवार पर दैवीय प्रकोप और छोटे बेटे की जान जाने का खौफ दिखाकर दो जालसाजों ने सोने के सभी जेवरात उतरवा लिए और फरार हो गए। वारदात को लेकर पीड़ित महिला के बेटे विकास कुमार बरनवाल की शिकायत पर पुंदाग टीओपी में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
दीपाटोली स्थित नागा टावर निवासी विकास कुमार बरनवाल के अनुसार, उनकी मां चिंता बरनवाल 3 सितंबर की सुबह करीब सवा दस बजे अपार्टमेंट के बाहर फल खरीदने गई थीं।इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया। कुछ ही देर में उसका एक सहयोगी भी वहां पहुंच गया।दोनों ने बातों-बातों में महिला से उनके परिवार की पूरी जानकारी हासिल कर ली।
इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को डराना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके पति का निधन दैवीय प्रकोप के कारण हुआ था और आज उनके छोटे बेटे की जान को भी गंभीर खतरा है।बेटे की अनहोनी के डर से महिला उनके झांसे में आ गई।आरोपी उन्हें बातों में उलझाकर आईडीबीआई बैंक और फिर लाजपत राय कॉलोनी मोड़ की ओर ले गए।
वहां दोनों जालसाजों ने तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर महिला को अपने प्रभाव में ले लिया और उनके शरीर से दो सोने की चूड़ियां, दो अंगूठियां, एक चेन और एक लॉकेट उतरवा लिए।उतरवाए गए कुल 6 सोने के गहनों का वजन लगभग 50 से 60 ग्राम बताया गया है। गहने लेने के बाद आरोपियों ने महिला से कहा कि वे 51 कदम आगे जाएं।बुजुर्ग महिला जब आगे बढ़कर वापस मुड़ीं, तब तक दोनों जालसाज गहने समेटकर मौके से फरार हो चुके थे।
घटना के बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर आरोपियों की शिनाख्त में जुट गई है।

