तिलक से कुछ घंटे पहले ही उठी दूल्हे की अर्थी, करंट लगने से हुई मौत, मातम में बदलीं खुशियां

 

औरंगाबाद।बिहार के औरंगाबाद जिले के फेसर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरिया रूस्तम गांव में सोमवार की रात एक ऐसी घटना हुई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।गांव में जनेश्वर पाल के घर पर शादी की खुशियां चरम पर थीं।उनके बेटे रितेश पाल का तिलक चढ़ना था।घर में रिश्तेदारों के आने की तैयारी चल रही थी, हर तरफ उत्साह का माहौल था।इसी बीच रितेश घर में लगे मोटर को चालू कर पानी भरने में जुटा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह काम उसकी जिंदगी का आखिरी काम बन जाएगा। अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। कुछ ही पलों में वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।

परिजन आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया।लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।अस्पताल से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद रितेश ने दम तोड़ दिया।

जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शहनाई बजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार गूंजने लगी। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।हर आंख नम है और हर जुबान पर बस यही सवाल है।आखिर ऐसा क्यों हुआ?

रितेश की मौत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जिंदगी कितनी अनिश्चित है। तिलक के लिए सज रहा घर अब शोक में डूबा हुआ है।शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं और एक परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया।

error: Content is protected !!