दोस्त के तिलक में जिसने की हर्ष फायरिंग उसी को लगी गोली, 27 अप्रैल को होने वाली थी शादी
नालंदा।बिहार के नालंदा जिला के बिंद थाना इलाके के अमावां गांव में एक शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गई। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां अब सन्नाटा और आंसू है। 21 साल के छोटू कुमार की हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से मौत हो गई और सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह गोली उसी के अपने हथियार से चली।
छोटू, जो सरमेरा थाना इलाके के गौसनगर गांव का रहने वाला था, दिल्ली में मजदूरी करता था और अपनी शादी की तैयारी के लिए करीब 10 दिन पहले घर लौटा था। आज 20 अप्रैल को उसका तिलक आना था और 27 अप्रैल को बारात जानी थी। परिवार खुशियों में डूबा था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
घटना उस समय हुई जब छोटू अपने दोस्त मंटू कुमार के तिलक समारोह में अमावां गांव गया था। समारोह में नाच-गाने का माहौल था। इसी दौरान छोटू छत पर गया और कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज आई।जब लोग ऊपर पहुंचे तो वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था।उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत बताया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गोली उसके खुद के देसी कट्टे से चली थी।शुरुआती जांच के अनुसार यह मिसफायर था, जो सीधे उसके पेट में जा लगी। बिंद थाना अध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद के मुताबिक, मृतक का पहले से आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह हथियार रखने और लूटपाट के मामलों में जेल जा चुका था।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। घटनास्थल से जुड़े लोग फरार बताए जा रहे हैं, जबकि एफएसएल टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।पुलिस हथियार की बरामदगी के प्रयास भी कर रही है।

