पुलिस मुख्यालय ने जारी किया आदेश, 7 सहायक अवर निरीक्षकों को मिला अवर निरीक्षक पद पर प्रोन्नति का तोहफा..
राँची।झारखण्ड पुलिस महकमे में परिवहन संवर्ग के पुलिसकर्मियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।पुलिस मुख्यालय ने सामान्य केंद्रीय चयन पर्षद की अनुशंसा के आधार पर 7 सहायक अवर निरीक्षकों को अवर निरीक्षक के पद पर नियमित प्रोन्नति दे दी है।इस संबंध में महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, झारखण्ड की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।प्रोन्नत किए गए सभी अधिकारियों को संशोधित वेतनमान (वेतनमान पीबी-II 9300-34800, ग्रेड पे 4200, 7वें पुनरीक्षित वेतनमान के पे-मैट्रिक्स लेवल-6) में आदेश निर्गत होने की तिथि से नियमित प्रोन्नति का लाभ दिया गया है।
इन्हें मिली है प्रोन्नति
आदेश के अनुसार, प्रोन्नत होने वाले अधिकारियों में श्याम नारायण राय (वर्तमान पदस्थापन: आईआरबी-04), विठ्ठल कुमार झा (वर्तमान पदस्थापन: जेएपीटीसी-03), दयावती मिंज (वर्तमान पदस्थापन: आईआरबी-10), संजय कुमार सिंह (वर्तमान पदस्थापन: सीआईडी/एसटीएफ-01), उमेश सिंह (वर्तमान पदस्थापन: आईआरबी-04), श्याम सिंह मुण्डा (वर्तमान पदस्थापन: झाप्रसं-08) और लखिन्दर मांझी (वर्तमान पदस्थापन: झाप्रसं-12) शामिल हैं।विभाग ने स्पष्ट किया है कि वेतन वृद्धि का आर्थिक लाभ पद पर योगदान देने की तिथि से देय होगा।यदि प्रोन्नत अधिकारी पद पर योगदान नहीं करते हैं, तो उनकी प्रोन्नति समाप्त करने की प्रक्रिया संबंधित इकाई द्वारा शुरू की जाएगी।
प्रोन्नति के साथ कुछ महत्वपूर्ण शर्तें भी
पुलिस मुख्यालय ने इस प्रोन्नति के साथ कुछ महत्वपूर्ण शर्तें भी लागू की हैं। जिन नव प्रोन्नत अधिकारियों ने अब तक हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूपण परीक्षा पास नहीं की है, उन्हें प्रोन्नति की तिथि से एक वर्ष के भीतर यह परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी, अन्यथा उन्हें मूल पद पर प्रत्यावर्तित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही यह प्रोन्नति इस शर्त के अधीन की गई है कि यदि संबंधित एवं माननीय न्यायालय के आदेश के आलोक में इनसे वरीय किसी सहायक अवर निरीक्षक (परिवहन) को प्रोन्नति प्रदान की जाती है, तो ये सबसे कनीय हो जाएंगे। इसके अलावा, यदि प्रोन्नति आदेश निर्गत होने से पूर्व किसी अधिकारी के विरुद्ध कोई न्यायिक मामला, विभागीय कार्यवाही अथवा वृहद दंड की सजा प्रभावी हो, तो उन्हें यह लाभ नहीं मिलेगा और ऐसे मामलों में संबंधित पुलिस उप-महानिरीक्षक या समादेष्टा मुख्यालय को वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगे।

