युवा अधिवक्ता की संदिग्ध मौत से गुमला बार में पसरा सन्नाटा, कुएं में मिला शव
गुमला। बुधवार की सुबह 11 बजे घर से निकले युवा अधिवक्ता राणा रविकांत के लिए गुरुवार की सुबह जिंदगी की आखिरी सुबह साबित हुई। करमटोली स्थित घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच बुढ़वा महादेव मंदिर के पास स्थित कुएं में उनके पड़े होने की जानकारी मिली। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
राणा रविकांत गुमला जिला बार एसोसिएशन के सदस्य थे। युवा अधिवक्ता की अचानक मौत की खबर जैसे ही बार एसोसिएशन तक पहुंची, पूरे परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में अधिवक्ता न्यायिक कार्य छोड़कर सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों के साथ खड़े रहे।
परिजनों के मुताबिक राणा रविकांत बुधवार दिन करीब 11 बजे करमटोली स्थित अपने घर से निकले थे। इसके बाद देर तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिवार और आसपास के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। कई जगह खोजबीन के बाद बुढ़वा महादेव मंदिर के समीप स्थित कुएं में उनके होने की जानकारी मिली।स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें कुएं से बाहर निकाला। उस वक्त उनकी सांस हल्की चल रही थी। आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
युवा अधिवक्ता की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता, पत्नी और छोटी बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस मौत से परिजन सदमे में हैं।राणा रविकांत अपने मिलनसार और मृदुभाषी व्यवहार के लिए लोगों के बीच खास पहचान रखते थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से अधिवक्ताओं के अलावा उनके परिचितों, मित्रों और शुभचिंतकों में भी शोक की लहर है। बताया जाता है कि उनके चाचा भी अधिवक्ता हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रवण साहू, सचिव बाबूलाल, उपाध्यक्ष राणा नकुल सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता सदर अस्पताल पहुंचे। अधिवक्ता मुन्तजिर, तौहीद, अवनीत पांडेय, राजू, शोएब, फैयाज, मुकेश पाठक, अमर समेत अन्य अधिवक्ताओं ने परिजनों को ढांढस बंधाया।शव के पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने तक बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल में मौजूद रहे। युवा साथी की असमय मौत ने गुमला के अधिवक्ता समुदाय को झकझोर कर रख दिया है।

