गोड्डा पुलिस ने चोरीकांड का किया खुलासा, लाखों की नकदी और भारी मात्रा में जेवर बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार
गोड्डा। महागामा थाना क्षेत्र के उर्जानगर में घर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 4.50 लाख रुपये नकद, करीब 1.13 किलो चांदी के आभूषण और 24.40 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) लगातार अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। 
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 की रात उर्जानगर निवासी एक व्यक्ति के घर में अज्ञात चोरों ने प्रवेश कर नगद रुपये एवं आभूषणों की चोरी कर ली थी। घटना को लेकर महागामा थाना कांड संख्या 156/2026, दिनांक 16 अगस्त 2026 को धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम यानी SIT का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान पुलिस को पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक संदिग्ध के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर 1 सितंबर 2026 को पूर्व के चोरी के मामलों में संलिप्त महागामा निवासी कन्हैया कुमार यादव उर्फ कन्हैया, उम्र करीब 26 वर्ष, पिता मदन प्रसाद यादव, साकिन नई टोला, महागामा, को पूछताछ के लिए थाना लाया गया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने उर्जानगर स्थित क्वार्टर में 15/16 अगस्त की रात हुई चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में चोरी किए गए सामान और घटना को अंजाम देने में इस्तेमाल किए गए अन्य सामान के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर विधिवत छापेमारी की। इस दौरान चोरी के रुपये और आभूषण बरामद किए गए।
बरामद सामान में—
500 रुपये के 800 नोट — कुल 4 लाख रुपये
100 रुपये के 500 नोट — कुल 50 हजार रुपये
चांदी के विभिन्न आभूषण — कुल वजन करीब 1 किलो 131 ग्राम
सोने के आभूषण — कुल वजन 24.40 ग्राम
लोहे का छोटा सब्बल शामिल है।
चांदी के बरामद आभूषणों में कंगन, हाथ के कड़े, पायल, गले की चेन, मंगलसूत्र, हाथ का ब्रेसलेट और पैर की बिछिया आदि शामिल हैं। वहीं सोने के सामान में कान की बालियां, टॉप्स, लॉकेट, छोटी बालियां, नोज पिन और अंगूठी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कन्हैया कुमार यादव का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ महागामा थाना में पहले भी कई मामले दर्ज हैं।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2021 में धारा 377 भादवि, वर्ष 2022 में धारा 457/380 भादवि तथा वर्ष 2025 में धारा 305/331(4)/326(g) BNS के तहत मामले दर्ज हो चुके हैं और उनमें आरोप पत्र भी समर्पित किया जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस चोरीकांड में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के सामान को ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेजा गया।SIT में पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो, थाना प्रभारी अभिनव आनंद, पुलिस अवर निरीक्षक विनय कच्छप, सुशेखर उरांव, मनोज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक खालिद अहमद खान तथा महागामा थाना सशस्त्र बल शामिल हैं।

