राँची में DSP पर पत्नी से मारपीट और घर में कैद करने का आरोप, सदर थाने में FIR; मोटी रकम मांगने की भी शिकायत

–हाइप्रोफाइल मामले से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, अस्पताल में भर्ती है पीड़िता; कुछ महीने पहले ही हुई थी शादी

राँची। राजधानी राँची में झारखण्ड पुलिस महकमे से जुड़ा एक गंभीर और हाइप्रोफाइल मामला सामने आया है। एक डीएसपी पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने, उसे घर में कैद रखने और मायके से मोटी रकम लाने का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर राँची के सदर थाना में आरोपी डीएसपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी डीएसपी वर्तमान में रामगढ़ के आसपास के एक जिले में पदस्थापित हैं। वहीं पीड़ित महिला भी पुलिस परिवार से ही ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता स्वयं डीएसपी स्तर के अधिकारी हैं और सदर थाना क्षेत्र में ही रहते हैं। ऐसे में पुलिस महकमे से जुड़े दो परिवारों के बीच का यह विवाद सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर भी चर्चाएं तेज हो गयी हैं।

मारपीट के बाद घर में कैद करने का आरोप
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके साथ मारपीट की गयी और उसे घर के अंदर कथित तौर पर कैद कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि किसी तरह इसकी जानकारी उसके पिता तक पहुंची, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ और पीड़िता को वहां से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।फिलहाल पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की गंभीरता को देखते हुए मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

मायके से मोटी रकम लाने का दबाव बनाने का भी आरोप
सूत्रों के अनुसार, शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया है कि आरोपी डीएसपी अपनी पत्नी पर मायके से मोटी रकम लाने का दबाव बना रहे थे। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस यह भी जांच कर सकती है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, पीड़िता के साथ किस तरह की मारपीट हुई और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों में कितनी सच्चाई है। इसके लिए पीड़िता और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए जाने के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जांच के दायरे में लिया जा सकता है।

इसी साल हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि आरोपी डीएसपी और पीड़िता की शादी कुछ महीने पहले ही राँची में हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद पति-पत्नी के बीच इस तरह का विवाद सामने आने से मामला और भी गंभीर हो गया है।पीड़िता के पिता भी डीएसपी हैं और सदर थाना क्षेत्र में रहते हैं। पुलिस विभाग से जुड़े दोनों परिवार होने के कारण मामले को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। यही वजह है कि पुलिस अधिकारी इस मामले में फिलहाल सार्वजनिक रूप से ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं।

हाइप्रोफाइल मामला, अधिकारियों ने साधी चुप्पी
मामले में FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गयी है। मामला एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के परिवार से जुड़ा होने के कारण पुलिस पूरे मामले में बेहद सतर्कता बरत रही है।।

DSP स्तर के अधिकारी के खिलाफ कुछ महीनों में दूसरी बड़ी FIR

इस मामले ने इसलिए भी पुलिस महकमे में चर्चा बढ़ा दी है क्योंकि राँची में पिछले कुछ महीनों के दौरान डीएसपी स्तर के अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज होने का यह दूसरा मामला बताया जा रहा है।इससे पहले 27 मई को राँची के चुटिया थाना में लोहरदगा में पदस्थापित एक डीएसपी के खिलाफ एक युवती की शिकायत पर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। राँची की 25 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया था कि संबंधित डीएसपी ने शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। युवती ने विरोध करने पर दबाव बनाने और धमकी देने के आरोप भी लगाए थे। शिकायत में जबरन गर्भपात कराने का आरोप भी लगाया गया था।उस मामले में चुटिया थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। बाद में संबंधित डीएसपी को हाईकोर्ट से जमानत मिल गयी।

 

अब पत्नी की शिकायत से फिर सवालों के घेरे में पुलिस महकमा

डीएसपी स्तर के एक अन्य अधिकारी पर पत्नी के साथ मारपीट और कथित तौर पर प्रताड़ित करने के आरोप के बाद एक बार फिर पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गयी है। हालांकि, दोनों मामलों की प्रकृति अलग है और मौजूदा मामले में भी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।फिलहाल सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और साक्ष्यों एवं बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगा।

error: Content is protected !!