निखार सबलोक हत्याकांड: पुलिस हिरासत में पूछताछ के बीच संदिग्ध अशोक सिंह की तबीयत बिगड़ी, खून की उल्टी के बाद TMH में भर्ती
जमशेदपुर। शहर के चर्चित युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के बीच शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस हिरासत में रखे गए एक संदिग्ध अशोक सिंह राघव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सोनारी निवासी अशोक सिंह से पिछले करीब चार दिनों से चांडिल थाने में पूछताछ किए जाने की बात सामने आ रही है। शनिवार सुबह पूछताछ के दौरान उसकी स्थिति अचानक गंभीर हो गई।
बताया जा रहा है कि थाने में पूछताछ के दौरान अशोक सिंह को अचानक खून की उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ते देख पुलिसकर्मी तत्काल उसे लेकर जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसे क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया है।
चार दिनों से पुलिस की निगरानी में था अशोक
सूत्रों के अनुसार, निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस अशोक सिंह से लगातार पूछताछ कर रही थी। उसे चांडिल थाने में रखकर मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि, पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अशोक सिंह को किस आधार पर हिरासत में रखा गया था और उससे पूछताछ के दौरान पुलिस को क्या अहम जानकारी मिली।शनिवार की घटना के बाद अब उसकी अचानक बिगड़ी तबीयत ने मामले को और गंभीर बना दिया है। खासकर थाने में पूछताछ के दौरान खून की उल्टी होने की बात सामने आने के बाद कई सवाल भी उठ रहे हैं।
पुलिस ने साधी चुप्पी, आधिकारिक बयान का इंतजार
घटना को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारी पूरे मामले पर टिप्पणी करने से बच रहे हैं। वहीं, अस्पताल में भी सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई है।टीएमएच की क्रिटिकल केयर यूनिट में चिकित्सकों की टीम अशोक सिंह की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। उसकी तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह मेडिकल जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
निखार हत्याकांड की जांच में नया मोड़
युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या की जांच पहले से ही पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। हत्याकांड में संदिग्धों से पूछताछ और संभावित आपराधिक कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है। ऐसे में जांच से जुड़े एक संदिग्ध की पुलिस हिरासत में अचानक तबीयत बिगड़ना पूरे मामले में नया मोड़ माना जा रहा है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि अशोक सिंह की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी और उसकी मेडिकल रिपोर्ट में क्या सामने आता है। पुलिस की आधिकारिक जानकारी और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

