32वीं मंजिल पर क्रेन से लटका मिला झारखण्ड के युवक का शव,मचा हड़कंप,अहमदाबाद पुलिस जांच में जुटी…

गढ़वा।अहमदाबाद के एसजी हाईवे स्थित निरमा यूनिवर्सिटी के सामने एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत ‘ट्रेमोंट एडलिप’ में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 32वीं मंजिल पर क्रेन से एक युवक का शव लटकता मिला। मृतक की पहचान झारखण्ड के गढ़वा जिले के निवासी 22 वर्षीय प्रीतम सिंह के रूप में हुई है, जो बीते कई वर्षों से इसी साइट पर क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था।
आशंका जताई जा रही है कि प्रीतम ने मंगलवार देर रात किसी समय फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बुधवार सुबह करीब 8 बजे जब स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की नजर 32वीं मंजिल पर लटके शव पर पड़ी, तब मामले की भनक लगी। सूचना मिलते ही सोला पुलिस स्टेशन की टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। हालांकि, 32वीं मंजिल की अत्यधिक ऊंचाई के कारण पुलिस को शव को सुरक्षित नीचे उतारने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
सोला पुलिस स्टेशन के पीआई के.एन. भूकन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मृतक के साथियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। घटना की जानकारी गढ़वा में रह रहे परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में मातम छा गया है।

