राँची के कोकर चौक के पास दिनदहाड़े चैन छिनतई, CCTV में कैद हुई वारदात

राँची। राजधानी राँची में बुधवार सुबह एक बार फिर अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए चैन छिनतई की वारदात को अंजाम दिया। कोकर चौक के पास सीमा सुजुकी शोरूम के सामने बाइक सवार दो अपराधियों ने सुनील महतो के गले से सोने की चैन झपट ली और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, सुनील महतो हर दिन की तरह बुधवार सुबह अपने घर के बाहर बच्चों के स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक गली में पहुंचे। कुछ ही पलों में बाइक सवार अपराधियों ने सुनील महतो के गले से चैन झपटी और तेज रफ्तार से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से पीड़ित और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
CCTV फुटेज बनी पुलिस के लिए अहम सुराग
चैन छिनतई की पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में बाइक सवार दोनों अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लेकर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों के हुलिए, बाइक और उनके भागने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, ताकि अपराधियों के भागने की दिशा और उनकी पहचान से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।
जल्द गिरफ्तारी का पुलिस का दावा
सदर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।राजधानी में लगातार सामने आ रही छिनतई की घटनाओं के बीच कोकर की यह वारदात एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी कर रही है।

