खूंटी में हाई-टेंशन तार की चपेट में आने से 2 स्कूली बच्चों की दर्दनाक मौत, 6 गंभीर रूप से झुलसे

खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बेहद दुखद हादसा सामने आया, जहाँ 11 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से दो स्कूली बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।
यह हृदयविदारक घटना तोरपा थाना क्षेत्र स्थित निधिवन रेस्टोरेंट के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहाँ एक रथ खड़ा था। कुछ स्कूली बच्चे खेल-खेल में मस्ती करते हुए उस रथ को धक्का देने लगे। इसी दौरान रथ अचानक ऊपर से गुजर रही 11 KV की हाई-टेंशन लाइन से टकरा गया। करंट फैलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी आठ बच्चों को पास के अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आनंद उरांव ने दो बच्चों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, झुलसे हुए अन्य छह बच्चों का इलाज अस्पताल में जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही तोरपा डीएसपी, स्थानीय थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से जाँच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस खबर से स्तब्ध है।

