राँची पासपोर्ट ऑफिस को जहरीले गैस बम से उड़ाने की धमकी; सुखदेवनगर थाने में FIR दर्ज, हाई-अलर्ट पर पुलिस

–कथित तौर पर ‘रेवन कासिम’ नामक ईमेल आईडी से भेजा गया धमकी भरा संदेश;अभिनेत्री निवेथा पेथुराज और दरगाह विवाद का दिया हवाला,जांच में जुटी साइबर सेल
राँची।राँची स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के जरिए ‘जहरीले गैस बम’ से उड़ाने की एक बार फिर सनसनीखेज धमकी मिली है। इस इनपुट के बाद राँची पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से हाई-अलर्ट मोड पर आ गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए राँची के सुखदेवनगर थाने में सुखदेवनगर केस दर्ज की गई है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
थाने को दिए गए आधिकारिक शिकायती आवेदन के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को सुखदेवनगर पुलिस को वरीय पुलिस पदाधिकारियों के माध्यम से एक धमकी भरे ईमेल की प्रति प्राप्त हुई थी। यह ईमेल कथित तौर पर Revan Kasim (kasim.rev@atomicmall.io) नामक आईडी से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, राँची की आधिकारिक ईमेल आईडी (rpo.ranchi@mea.gov.in) पर भेजा गया था। ईमेल भेजने वाले ने बेहद आपत्तिजनक और डराने वाली भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा कि शहर के सभी पासपोर्ट कार्यालयों में 3 जहरीले गैस बम ब्लास्ट किए जाएंगे।
पुलिस की प्राथमिक जांच में इस धमकी के पीछे एक अजीबोगरीब अंतरराष्ट्रीय/धार्मिक विवाद का एंगल सामने आया है। ईमेल भेजने वाले ने धमकी के पीछे तर्क देते हुए लिखा है कि दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेत्री निवेथा पेथुराज (Nivetha Pethuraj) ने मदुरै के ‘थिरुपुरनकुंदम दरगाह’ से जुड़े मुद्दों में कथित रूप से पैगंबर मुहम्मद का अपमान किया है, और इसी के विरोध में वे इस आत्मघाती कदम को अंजाम देने वाले हैं। इस तरह के ईमेल से शहर में बड़े पैमाने पर जान-माल की क्षति होने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की प्रबल आशंका को देखते हुए पुलिस ने इसे संज्ञेय अपराध माना और तुरंत एक्शन लिया।

