सड़क हादसे में घायल आरक्षी नरेश कुमार यादव ने भी तोड़ा दम, पुलिस केंद्र हजारीबाग में सम्मान के साथ दी गई अंतिम सलामी

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के चालकुशा थाना में पदस्थापित एक और पुलिसकर्मी की जान चली गई।सड़क दुर्घटना में घायल सिपाही नरेश कुमार यादव ने इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के करीब 1:30 बजे राँची के मेडिकल अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले इसी सड़क दुर्घटना में इसी थाना के एक सिपाही की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल होकर इलाजरत थे।
हजारीबाग पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को चालकुशा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी एक आपराधिक कांड के अनुसंधान के सिलसिले में धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र गए थे। अनुसंधान पूरा कर वापस लौटने के दौरान उनकी गाड़ी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा था। इसी दौरान शुक्रवार तड़के राँची के मेडिकल अस्पताल में भर्ती आरक्षी नरेश कुमार यादव ने भी इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
आरक्षी नरेश कुमार यादव का पार्थिव शरीर हजारीबाग पुलिस केंद्र लाया गया, जहां पुलिस अधीक्षक हजारीबाग, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव, सदर एवं बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय/सीसीआर सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान सभी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने दिवंगत आरक्षी के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दुखद घटना से हजारीबाग पुलिस महकमे में शोक की लहर है। अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सड़क हादसे में दो जवानों की मृत्यु ने पूरे पुलिस परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

