गिरिडीह पुलिस की बड़ी कामयाबी, 25 लाख का इनामी नक्सली टाइगर गिरफ्तार…

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली अजय महतो उर्फ टाइगर उर्फ बासुदेव को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना टाइगर बीती रात हरलाडीह इलाके से दबोचा गया। वह पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव का रहने वाला है और कुख्यात नक्सली मिसिर बेसरा का करीबी सहयोगी माना जाता रहा है।

एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम को टाइगर के हरलाडीह में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने करमू मांझी के घर पर छापेमारी की, जहां से अजय महतो को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान उसके साथ मौजूद दो अन्य नक्सलियों को भी हिरासत में लिया गया। फिलहाल तीनों से सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।

100 से ज्यादा संगीन मामलों का आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अजय महतो भाकपा (माओवादी) का स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य और पारसनाथ क्षेत्र का जोनल कमांडर रह चुका है। उसके खिलाफ हत्या, लेवी वसूली, लूट, पुलिस पर हमला, आईईडी ब्लास्ट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित 100 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और हजारीबाग के सीमावर्ती इलाकों में कई नक्सली वारदातों में उसका नाम सामने आया है। झारखण्ड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा की पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी थी।

देशद्रोह और यूएपीए के तहत होगी कार्रवाई
गिरिडीह प्रशासन पहले ही अजय महतो समेत 12 नक्सलियों के खिलाफ देशद्रोह और यूएपीए के तहत मुकदमा चलाने की अनुशंसा कर चुका है, जिसे राज्य सरकार के गृह विभाग से मंजूरी भी मिल चुकी है। गिरफ्तारी के बाद पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है

पुलिस का दावा—नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका
एसपी ने कहा कि टाइगर की गिरफ्तारी नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने बताया कि पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा और फरार नक्सलियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!