परदेस में झारखण्डी युवाओं का सहारा बनेगा ‘माइग्रेशन सपोर्ट सेंटर’, जेएसएलपीएस ने रेवाड़ी के लिए निकाली बहाली

–झारखण्ड के प्रवासी युवाओं की मदद के लिए 3 अलग-अलग पदों पर 26 जुलाई को सीधे इंटरव्यू से होगा चयन
राँची।हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के औद्योगिक क्षेत्रों में काम कर रहे झारखण्ड के प्रवासी युवाओं को हरसंभव मदद पहुंचाने के लिए झारखंड सरकार एक बड़ा कदम उठा रही है।ग्रामीण विकास विभाग के अधीन कार्यरत झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) ने हरियाणा के रेवाड़ी में स्थापित ‘माइग्रेशन सपोर्ट सेंटर’ (प्रवासी सहायता केंद्र) को सुचारू रूप से चलाने के लिए फुल-टाइम कंसलटेंट की सीधी भर्ती निकाली है। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्या योजना के तहत संचालित इस केंद्र के लिए कुल 3 अलग-अलग पदों पर संविदा के आधार पर बहाली की जानी है, जिसके लिए आगामी 26 जुलाई (रविवार) को रेवाड़ी में ही सीधे वॉक-इन-इंटरव्यू (साक्षात्कार) का आयोजन किया गया है
झारखण्डी युवाओं के लिए बनेगा मजबूत कवच
यह ‘माइग्रेशन सपोर्ट सेंटर’ परदेस में काम कर रहे झारखंडी युवाओं के लिए एक मजबूत कवच की तरह काम करेगा. जेएसएलपीएस द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस केंद्र के संचालन के लिए माइग्रेशन सपोर्ट सेंटर मैनेजर को 40,000, जबकि एमआईएस व एडमिन असिस्टेंट और काउंसलर पद के लिए 20,000 प्रति माह का मानदेय दिया जाएगा. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 26 जुलाई को सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे के बीच यूनिक कॉलोनी (बिठवाना-बावल रोड, रेवाड़ी) स्थित सेंटर पर पहुंचकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. इस भर्ती से जुड़ी शैक्षणिक योग्यता और कार्य अनुभव की विस्तृत जानकारी जेएसएलपीएस की आधिकारिक वेबसाइट jslps.org/category/careers पर उपलब्ध करा दी गई है.

