शक का खूनी खेल: पत्नी का कत्ल कर सेप्टिक टैंक में छिपाई लाश, 48 घंटे में बेनकाब हुआ कातिल पति..

सरायकेला। जिस जीवनसाथी के साथ उम्र भर साथ निभाने की कसमें खाई थीं, उसी ने शक के अंधेपन में आकर हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने न सिर्फ अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या की, बल्कि सबूत मिटाने के लिए उसकी लाश को सेप्टिक टैंक में फेंक दिया। लेकिन कानून के हाथ से वह बच नहीं सका। पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी पति को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

​पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी पति सोमराय हेंब्रम ने पूछताछ में जो खुलासा किया, वह किसी के भी रोंगटे खड़े कर देने के लिए काफी है। आरोपी सोमराय को अपनी पत्नी सोमवारी हेंब्रम के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। वारदात वाले दिन भी दोनों में बहस हुई और गुस्से में पागल सोमराय ने सबसे पहले बिजली के तार से अपनी पत्नी का गला घोंट दिया। इसके बाद मौत पक्की करने के लिए उसने लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से आरोपी ने पत्नी के शव को घर के ठीक बगल में बन रहे एक निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया।

​मंगलवार को सेप्टिक टैंक से महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज स्वर्गियारी ने तुरंत एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ वैज्ञानिक, तकनीकी व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को आपस में जोड़ा। इसके बाद संदेह का घेरा मृतका के पति सोमराय हेंब्रम पर जाकर टिका। पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

​इस सनसनीखेज हत्याकांड का महज दो दिनों के भीतर खुलासा करके पुलिस ने अपनी मुस्तैदी साबित की है। फिलहाल आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और पुलिस वैज्ञानिक व पुख्ता सबूतों के आधार पर आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की तैयारी में जुट गई है।

error: Content is protected !!