धनबाद में कलयुगी बेटे का खौफनाक कदम: पुरानी स्कूटर और साइकिल बेचने पर पिता को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला

धनबाद।रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद में अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना दोलाबड़ पंचायत के खैरबाड़ी टोला (पंचायत भवन के पास) की है। महज एक पुरानी स्कूटर और साइकिल बेच दिए जाने से नाराज 28 वर्षीय बेटे माथुर गोप ने अपने 55 वर्षीय पिता विनोद गोप पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
घटना की भनक लगते ही बलियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को शव से करीब 30 मीटर दूर सड़क पर खून के गहरे निशान मिले, और मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पिता के शव को सड़क किनारे फेंक दिया था। पुलिस को उलझाने की कोशिश में जुटे आरोपी की चालाकी तब धरी की धरी रह गई, जब वह घटनास्थल पर छूटी अपनी चप्पल और साइकिल उठाने वापस आया। उसकी इस हरकत को देखकर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक विनोद गोप और उनके बेटे माथुर के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। आरोपी माथुर गोप कभी-कभार मजदूरी करता था और वह गंभीर रूप से नशे का आदी है। मृतक की दो बेटियां हैं, जिनकी शादी पश्चिम बंगाल में हो चुकी है और घर में पिता-पुत्र के बीच अक्सर तनातनी रहती थी। पिता द्वारा घर का पुराना सामान (स्कूटर और साइकिल) बेचना बेटे को इतना नागवार गुजरा कि उसने तैश में आकर अपने पिता की जान ही ले ली।
थानेदार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। आरोपी बेटे माथुर गोप ने पूछताछ में पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लाठी और अन्य सामग्रियां जब्त कर ली हैं, और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

